
जबलपुर (जय लोक)।
जबलपुर में युवाओं के लिये भविष्य की आवश्यकता के अनुरूप कौशल विकसित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हुई है। इस पहल के तहत जबलपुर स्थित भारत रत्न भीमराव अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेलीकॉम ट्रेनिंग और विश्व की 4 अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों एरिक्सन, क्वालकॉम टेक्नोलॉजी, सिस्को और नोकिया के बीच युवाओं को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिये एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये हैं।

यह जानकारी देते हुए जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने बताया की सोमवार को केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस आशय के एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये जिसका लाभ जबलपुर सहित देश भर के युवाओं को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस सौगात से रोजगार के अवसर तो बढ़ेंगे ही वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रशिक्षणार्थियों को सीधे इन सभी विश्व स्तरीय कंपनियों में काम करने का अवसर भी मिलेगा। सांसद आशीष दुबे ने बताया कि केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस अवसर पर जबलपुर से देशव्यापी डिजिटल क्रांति गूंजने की बात कही है। नई दिल्ली में एमओयू हस्ताक्षर के लिये आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री दुबे केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया के साथ उपस्थित थे।

Author: Jai Lok







