
जबलपुर (जय लोक)। गोराबाजार स्थित ग्राम भीटा-जैतपुरी में देर रात मामूली सी बात को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। विवाद मेले में जलेबी खाने की बात को लेकर शुरू हुआ जो इतना बढ़ गया कि नौबत खून खराबे तक पहुँच गई। युवक की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। वहीं सूचना मिलते ही पहुँची गोराबाजार पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक का नाम कृष्णा उइके बताया जा रहा है वहीं आरोपी का नाम साजन झारिया बताया जा रहा है। वारदात उस वक्त हुई जब कृष्णा मोटर साइकल से अपने घर जा रहा था। जब वह ग्राम भीटा से जैतपुरी की ओर बढ़ रहा था, तभी पीछा करते हुए आए साजन ने उसे रोक लिया और मेले में हुए विवाद को लेकर गाली गलौज शुरु कर दी। कृष्णा ने विरोध किया तो साजन ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमला होते ही कृष्णा जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए, जिन्होंने कृष्णा को खून से लथपथ हालत में देखा और उसे उठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुँचे। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने जाँच के बाद कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। कृष्णा उइके की हत्या की खबर से क्षेत्र से हडक़म्प मच गया, यहाँ तक कि लोग घरों से बाहर आ गए थे। मौके पर पहुँची पुलिस ने पूछताछ के बाद हमलावर की तलाश शुरु कर दी है। खबर यह भी है कि आरोपी साजन झारिया के साथ और भी साथी थे। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है।

मेले में हुआ था विवाद
पुलिस को जाँच में पता चला है कि विवाद कुछ दिनों पूर्व मेले से शुरू हुआ था। इस दौरान जलेबी खाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसमें कृष्णा और साजन के बीच मारपीट हुई। लेकिन उस समय लोगों ने बीच बचाव करते हुए झगड़ा शांत करा दिया। लेकिन साजन बदला लेने की नियत से मौके का इंतजार कर रहा था जो कल उसे मिल गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Author: Jai Lok







