
मुंबई/नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम गोलीबारी किए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने वारदात के बाद फरार हुए तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस आरोपियों को लेकर मुंबई रवाना हो गई है। अब उनसे पूछताछ के आधार पर हमले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। इस बीच चौंकाने वाली खबर ये है कि एक आरोपी रैपिडो बाइक चालक है। आपको बता दें कि रविवार शाम करीब सात बजे जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी। बताया जा रहा है कि तीन आरोपियों में से दो ने गाड़ी की दिशा में सात राउंड गोलियां चलाईं, जबकि तीसरा आरोपी बाइक पर मौजूद था। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई और तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
दो आरोपियों की पहचान सामने आई- मामले में पकड़े गए आरोपियों में से एक की उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है। उसकी पहचान ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के रूप में हुई है, जो मुंबई के अंधेरी इलाके में रहता था और रैपिडो बाइक चलाता था। दूसरे आरोपी रेहान की उम्र 18 वर्ष बताई गई है। वह हरियाणा के सोनीपत का निवासी है। तीसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमले की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
युवा पार्षद की पहल : दुर्गा समितियों के बीच होगी स्वच्छता प्रतियोगिता




