
जाँच एजेंसी पता लगा रहीं सोना भारत में कहां से लाया और कहाँ ले जाया जा रहा था
नागपुर/एजेंसी (जयलोक)। नागपुर रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 9 लाख रुपए मूल्य का विदेशी सोना जब्त किया। यह सोना भारत-बांग्लादेश सीमा से तस्करी कर लाया गया था और ट्रेन के जरिए कहीं ओर ले जाया जा रहा था। डीआरआई की नागपुर टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध यात्री को पकड़ा और उसके पास से सोने के 16 बिस्किट बरामद किए।
जानकारी के मुताबिक बरामद सोने का कुल वजन 2.165 किलोग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 9 लाख रुपए बताई गई है। डीआरआई अधिकारियों को सूचना मिली थी कि तस्करी का सोना ट्रेन से कहीं ले जाया जा रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध यात्री की निगरानी शुरू की और उसे पकड़ लिया। तस्करी के सोने को छिपाने के लिए आरोपी ने खास तरीका अपनाया था। सोने के बिस्किटों को पेंट की रंगीन सेलोटेप से लपेटने के बाद पुराने अखबार में बांधकर रखा था, जिसका मकसद सोने की पहचान छिपाना और तलाशी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देना था। डीआरआई को मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के कारण तस्कर की योजना विफल हो गई।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पर तस्करी के सोने को छिपाने और उसे तय व्यक्ति तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है। डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत सोना जब्त कर आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल डीआरआई इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सोना भारत में कहां से लाया गया था, तस्करी के इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और बरामद सोने की खेप आखिर किस व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी। एजेंसी को आशंका है कि इस मामले के पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
सुलभ शौचालय का नुकसान सुधारेगा ठेकेदार, आयुक्त ने भुगतान पर लगाई रोक उपमंत्री को दिया नोटिस
Author: Jai Lok






