
प्रवासी और किराएदार आबादी पर ज्यादा असर
नई दिल्ली (जयलोक)। दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआईआर) के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब एक-तिहाई मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जिससे राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंताएं बढ़ गई हैं। मतदाताओं में सबसे ज्यादा कमी वाले विधानसभा क्षेत्रों में तुगलकाबाद, महरौली, ओखला, बदरपुर, बुराड़ी और देवली जैसे इलाके शामिल हैं, जहाँ बड़ी आबादी किराए के मकानों, अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों में रहती है।
आम आदमी पार्टी ने इस प्रक्रिया में प्रवासियों को जानबूझकर बाहर किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। जिन प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में सर्वाधिक कमी आई है, उनमें तुगलकाबाद (92,033 मतदाता सूची से बाहर), ओखला (1,63,829 मतदाता सूची से बाहर), बदरपुर (1,46,673 मतदाता सूची से बाहर), महरौली (85,156 मतदाता सूची से बाहर), बुराड़ी (1,67,885 मतदाता सूची से बाहर), देवली (94,726 मतदाता सूची से बाहर) और रिठाला (1,06,512 मतदाता सूची से बाहर) शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों की एक सामान्य विशेषता है कि यहाँ औद्योगिक या कामगार आबादी अधिक है, घनी बस्तियाँ हैं, और बड़ी संख्या में लोग किराए के आवासों में रहते हैं।
Author: Jai Lok






