
15 और 16 जुलाई को बैठक जुलाई के अंत तक आएगी सूची
जबलपुर (जयलोक)। मध्यप्रदेश में कांग्रेस में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। दिल्ली में 15 और 16 जुलाई को होने वाली एक बड़ी बैठक में जबलपुर सहित प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों के चयन पर मंथन होगा। इस बैठक में प्रदेश के सभी पर्यवेक्षक शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि संगठन सृजन की रिपोर्ट के आधार पर हर जिले से करीब 6 नामों का पैनल तैयार किया गया है।
राष्ट्रीय संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें नामों के पैनल पर विस्तृत चर्चा होगी। संभावित जिला अध्यक्षों को चर्चा के बाद दिल्ली बुलाया जाएगा। जीतू पटवारी ने कहा कि जुलाई के आखिरी हफ्ते में जिला अध्यक्षों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। यह कदम पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने के लिए उठाया जा रहा है। जबलपुर शहर और जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए भी केंद्र से आए पर्यवेक्षकों ने रायशुमारी की थी। इन पर्यवेक्षकों ने विधानसभावार बैठकें की और संगठन को मजबूत करने के उपायों के साथ-साथ नए नगर अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के नाम के लिये कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं से राय मांगी गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष और जिला कांग्रेस के अध्यक्ष के लिए पर्यवेक्षकों ने 6-6 नामों के पैनल तैयार कर सीधे दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजे हैं । अब 15 और 16 जुलाई को होने जा रही बैठक में नाम पर अंतिम फैसला हो जाएगा।
नगर कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष सौरभ शर्मा भी नगर कांग्रेस अध्यक्ष के पद के प्रबल दावेदार हैं और उनके नाम को लेकर भी अब यह पर्यवेक्षकों की सिफारिश पर निर्भर करेगा कि सौरभ शर्मा ही आगे नगर अध्यक्ष पद का दायित्व संभालेंगे या उनकी जगह किसी और नेता को नगर कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाएगा।
शहर के करीब एक दर्जन कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की है। अब इन दावेदारों में से 6 नामों को पर्यवेक्षकों द्वारा छांटा गया है। अब इस माह के अंत तक शहर कांग्रेस और जिला कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम घोषित होने हो जाएंगे ऐसी उम्मीद की जा रही है।

मप्र के 19 जिलों में अति भारी और 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नदियां उफनीं, डैम ओवरफ्लो
Author: Jai Lok







