
सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकराया टमाटर से भरा पिकअप वाहन
जबलपुर (जयलोक)। माढ़ोताल थाना अंतर्गत खजरी खिरिया बायपास पर देर रात सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टमाटर से भरा पिकअप वाहन टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पिकअप में भरे टमाटर सडक़ पर फैल गए। इस हादसे में पिकअप का चालक परिचालक बुरी तरह घायल हुए हैं। देर रात हुए इस हादसे में जहां लोगों को वाहन के चालक परिचालक की मदद के लिए आगे आना चाहिए तो वहीं लोग ने मदद करने के बजाय टमाटर को लूटना जरूरी समझा। सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सडक़ किनारे कराते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बताया जा रहा है कि देर रात पिकअप वाहन छिंदवाड़ा से टमाटर लेकर कटनी की तरफ जा रहा था। रात के अंधेरे में खजरी खिरिया बाईपास से गुजरने के दौरान सडक़ किनारे खड़े ट्रक से पिकअप वाहन टकरा गया। टक्कर काफी जोरदार थी जिससे पिकअप वाहन में भरे टमाटर सडक़ पर फैल गए। हादसे में पिकअप चालक और परिचालक को चोटें पहुँची हैं। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया गया।
खराब हो गया था ट्रक- ट्रक के संबंध में बताया जा रहा है कि ट्रक में खराबी आने के कारण चालक ने उसे सडक़ किनारे खड़ा कर दिया था और सुधार कार्य किया जा रहा था। इस दौरान पिकअप वाहन चालक आया और उसने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक चालक को चोटें नहीं पहुँची हैं लेकिन ट्रक का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है।
घटनास्थल पर लगी भीड़- हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ लग गई। सडक़ पर टमाटर बिखरा देख यहां से गुजरने वाले लोगों ने अपने अपने वाहन रोके और टमाटर समेटना शुरू कर दिया। हादसे के बाद एक तरफ घायल चालक और कंडक्टर को अस्पताल पहुंचाने की कवायद चल रही थी, वहीं दूसरी ओर सडक़ पर बिखरे टमाटरों को उठाने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी।
सडक़ पर बनी फिसलन- टमाटर सडक़ पर बिखरने से फिसलन की स्थिति निर्मित हो गई। कई वाहन चालक हादसे का शिकार होते होते बच गए। जिसे काफी देर तक यातायात भी प्रभावित हुआ।
वहीं के्रन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सडक़ किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। माढ़ोताल थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। शुरुआती जाँच में ट्रक चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।






