
जबलपुर (जय लोक)।आज सुबह हुए दो सडक़ हादसों में एक युवक की मौके पर मौत हो गई तो वहीं दूसरे हादसे में पति पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सडक़ पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा

अचानक चल पड़ा ट्रक, चालक की मौत
फ्लाईओवर ब्रिज के पास आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारतीय खाद्य निगम का चावल से भरा ट्रक अचानक चल पड़ा। ट्रक के सामने बैठकर आराम कर रहा चालक और मालिक शेख इसराइल उसकी चपेट में आ गया। ट्रक से कुचलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक आगे जाकर दीवार से टकराकर रुका। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। शेख इसराइल हनुमानताल क्षेत्र का रहने वाला था। वह ट्रक में करीब 22 टन चावल लोड कर शहर से बाहर ले जाने की तैयारी में था। ट्रक खड़ा करने के बाद वह उसके सामने बैठकर आराम कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक चल पड़ा और वह संभल पाता, इससे पहले ही उसकी चपेट में आ गया।

ब्रेक फेल होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका है कि ट्रक का अचानक ब्रेक फेल होने के कारण वह अपने आप चल पड़ा। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। ट्रक आगे जाकर दीवार से टकराया, जिसके बाद वह रुक गया।


थाने में खड़ा कराया ट्रक
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। एएसपी ने बताया कि ट्रक में शासकीय अनाज लोड है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से उसे मदनमहल थाने में खड़ा कराया जा रहा है। साथ ही सडक़ पर यातायात प्रभावित न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है।
पति पत्नी के्रन से टकराए
दूसरा हादसा आज सुबह बेलखाडू के पास हुआ। यहां करारी मनकवारा में रहने वाले एक मोटरसाइकिल सवार दम्पति झगरा गांव के पास के्रन से टकरा गए। दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया था, जहां से उसे मेडिकल रिफर किया गया है।
बेलखाडू पुलिस का कहना है कि झगरा रिंग रोड पर करारी मनकवारा निवासी मंजू बसोर अपने पति आकाश बसोर और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल जा रही थी। उनकी बाइक झगरा रिंग रोड के पास पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार के्रन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और मंजू सडक़ पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। आसपास मोजूद लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को संभाला और इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखाडू पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे में पति और बच्चों की स्थिति को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। टीआई का कहना है कि के्रन की पहचान की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक के्रन क्रमांक एचआर 07 एएफ 3235 बताई गई है।
सीएसपी रही नेहा पच्चिसिया के विदेश भाग जाने की आशंका, लुक आउट नोटिस भी जारी
Author: Jai Lok






