
पुलिस से बचने तस्करों ने बढ़ाया महिलाओं का उपयोग, डेढ़ माह में 9 महिलाएँ गिरफ्तार
जबलपुर (जयलोक)। अवैध शराब और नशीले पदार्थों स्मेक और गांजा की तस्करी में महिलाओं का बोल बाला बढ़ता जा रहा है। नशीले पदार्थों के कारोबारियों तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए अब अपने कारोबार में महिलाओं का उपयोग करना शुरू कर दिया है। इन अवैध तस्करों का ऐसा सोचना है कि तस्करी के काम में महिलाओं के पकड़े जाने की उम्मीद कम रहती है। लेकिन पुलिस नशीले पदार्थों के तस्करों की महिलाओं को लेकर उम्मीदों पर पानी फेर रही है और महिला तस्करों को लगातार पकड़ रही है। डेढ़ माह में पुलिस 9 महिलाओं को अवैध शराब और तस्करी करने के मामले में पकड़ चुकी है। कई महिलाओं के पास से तो लाखों रुपए कीमत के नशीले पदार्थ पकड़े गए हैं।
55 साल की महिला बेच रही थी गाँजा
महिलाओं की अवैध मादक पदार्थ के परिवहन और इसकी तस्करी में बढ़ती हुई संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने इन तस्करों को पकड़ की योजनाओं में तब्दीली की है और अब पुलिस इस नजरिए से भी तस्करों पर नकेल कसने की योजना पर काम कर रही है।
55 साल की महिला बेच रही थी गाँजा
विगत 20 अक्टूबर को गौरीघाट पुलिस ने बादशाह हलवाई मंदिर के पास स्थित चंडीमाता मंदिर के समीप एक 55 साल की महिला शशि बाई चौधरी को पकड़ा और तलाशी लेने पर उसके थैले से 490 ग्राम गांजा जिसकी कीमत दस हजार रूपये बताई गई है को बरामद किया है।
बच्चे को साथ लेकर निकले थे गंजा तस्करी करने
विगत 21 अक्टूबर को शहपुरा पुलिस ने सूचना मिलने पर रेलवे स्टेशन के पास भिटौनी रोड पर दबिश दी और एक पुरूष महिला को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। महिला के साथ एक छोटा बच्चा भी था। महिला ने अपना नाम सपना बैन उम्र 30 वर्ष निवासी कुसमी थाना शहपुरा वर्तमान पता भट्टा मोहल्ला थाना रंगनाथ जिला कटनी, राहुल राजपूत 33 वर्ष निवसी जेसी नगर थाना जिला सागर होना बताया। जब पुलिस ने इन लोगों के ट्रोल बैग की तलाशी ली तो दोनों के कब्जे से कुल दस किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत दो लाख रूपये बताई गई। महिला अपने साथ बच्चे को लेकर पुलिस को चकमा देने की नियत से तस्करी के कार्य में लिप्त थी।
रानीताल में महिला बेच रही थी स्मैक
विगत 23 अक्टूबर को लाडज़्गंज थाना अंतर्गत आने वाली यादव कॉलोनी पुलिस ने रानीताल गेट नम्बर एक के पास से सोनाबाई सोनकर उम्र 48 वर्ष के घर की तलाशी लेने पर उसके घर के लाफ्ट में पॉलीथिन में छुपाकर रखा गया स्मैक पाउडर बरामद किया। महिला से 40 ग्राम स्मैक जिसकी कीमती चार लाख रूपये होना आंकी गई, बरामद की गई है।
120 लीटर कच्ची शराब के साथ दो महिला गिरफ्तार
विगत चार नवंबर को कटंगी पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर कूडऩ मोहल्ला से 50 साल की दो महिलाओं जिनका नाम मुमताज कुचबंधिया और संपत बाई कुचबंधिया से कुल 120 लीटर कच्ची शराब बरामद की और कच्ची शराब बनाने का सामान भी जप्त किया। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं कच्ची शराब के विक्रय के अवैध व्यापार में लंबे समय से संलिप्त हैं। जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पत्नी के साथ मिलकर पति कर रहा था गाँजा तस्करी
चार नवंबर को सिहोरा पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर कनाड़ी नाला पुलिया के पास से 26 साल के आकाश सोनी और उसकी पत्नी नेहा सोनी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 किलो गांजा जिसकी कीमत दो लाख 20 हजार रूपये है जप्त किया था। आरोपी अपनी पत्नी की आड़ लेकर लंबे समय से गांजा तस्करी कर रहा था।
मंदिर के पास से गिरफ्तार हुई महिला
विगत 14 नवंबर को माढ़ोताल पुलिस ने आईटीआई चुंगी नाका शंकरजी के मंदिर के पास से गांजे की पुडिय़ा बेचने वाली महिला 56 वर्षीय मधु दुबे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजे की 65 पुडिय़ा बरामद की। जिसका वजन तीन सौ ग्राम था।
तिलवारा में पकड़ी गई 32 वर्षीय महिला
विगत 20 नवंबर को तिलवारा पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान भैरवनगर क्षेत्र से एक महिला को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। महिला के पास से मिले थैले से एक किलो चार सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ। 32 वर्षीय महिला रेखा सोंधिया भैरव नगर की रहने वाली है। जप्त की गांजे की कीमत 28 हजार होना पाया गया है।
कुंडम के युवक युवती मदन महल में बेचने आए थे गाँजा
विगत एक दिसंबर को मदन महल थाना क्षेत्र के अंतर्गत लिंकरोड पुलिस के पास से पुलिस ने सूचना मिलने पर एक 28 वर्षीय युवक थान सिंह उईके और कुं. अर्चना उरैती 20 वर्ष दोनों निवासी कुंडम को पकड़ा और इनके बैग की तलाशी लेने पर दोनों के पास से 8 किलो 188 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 63 हजार रूपये आंकी गई है।
छात्रों का भी तस्करी में इस्तेमाल कर रहे नशे के कारोबारी
विगत दिवस 5 दिसंबर को पनागर पुलिस ने अधारताल पनागर नेशनल हाईवे पर धु्रव ढाबा एवं रजवाड़ा ढाबा के बीच थाना एवं क्राईम ब्रांच के साथ वाहन चैकिंग के दौरान पनागर की ओर जाने वाले मोटर सायकल को चेक करने के दौरान एक युवक को अधारताल की ओर से अपनी बिना नम्बर की काले रंगकी पल्सर मोटर सायकल मे पीछे एक लडक़े को बैठाकर चलाता हुआ जा रहा था, जिसे रोकने पर वाहन चालक अपने वाहन को पीछे बैठे लडके सहित छोडक़र बायीं ओर खेतों में तेजी से दौड़ लगा दिया जिसे पकडऩे का प्रयास किया जो भागने में सफल हो गया, पीछे बैठे लडके से नाम पता पूछने पर अपना नाम एवं उम्र 17 वर्ष बताते हुये भागने वाले व्यक्ति का नाम मनीष प्रधान निवासी थाना जबेरा जिला दमोह बताया एवं बताया की मनीष प्रधान के साथ किसी व्यक्ति को गांजा को बेचने जा रहे थे। लडक़े के हाथ में रखे काले नीले रंग के बैग को चैक करने पर बैग के अंदर गांजा रखा मिला, एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्यवाही करते हुये तौल करने पर 4 किलो गांजा कीमती 80 हजार रूपये का होना पाया गया। पूछताछ पर 17 वर्षीय बालक ने बताया कि वह 11 वीं कक्षा में पढ़ता है, मनीष प्रधान गांजा बेचने जाते समय कभी कभी उसे भी साथ में लेकर जाता है। मादक पदार्थ गांजा वजनी 4 किलो एवं घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल जप्त करते हुये मनीष प्रधान के विरूद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 77, 79 किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुये फरार आरोपी मनीष प्रधान निवासी जबेरा जिला दमोह की तलाश जारी है। इस घटना से यह बात स्पष्ट रूप से प्रतीत हुई है कि अब तस्कर छोटे बच्चों को भी इस अवैध कारोबार में पुलिस से बचने के लिए पैसे का लालच देकर इस्तेमाल कर रहे हैं।

Author: Jai Lok







