
जबलपुर (जयलोक)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संबंध में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने आउटसोर्स ठेकेदारों और सफाई मित्रों को सेवा का एक नया मंत्र दिया है। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि स्वच्छता केवल एक अनुबंध नहीं, बल्कि शहर के प्रति एक भावनात्मक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान ठेकेदारों को संबोधित करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि जब हम शहर के हित में दिल से काम करते हैं, तो समाज में इज्जत और सम्मान भी मिलता है। उन्होंने नसीहत दी कि सभी आउटसोर्स ठेकेदारों को निगम के साथ एक परिवार की तरह जुडक़र और भावनात्मक अटैचमेंट के साथ काम करने की आवश्यकता है।

धरातल पर व्यवस्थाओं का जायजा- स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर निगमायुक्त ने तीन प्रमुख संभागों के वार्डों का सघन भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड और धन्वंतरि नगर में सफाई व्यवस्था को बारीकी से परखा। इस मौके पर उन्होंने सफाई मित्रों की उपस्थिति पंजी का मिलान किया और उनकी कार्यप्रणाली देखी। निगमायुक्त ने फील्ड पर तैनात कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शहर को नंबर-1 बनाने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षदों की उपस्थिति ने स्वच्छता अभियान के प्रति सामुदायिक जुड़ाव को दर्शाया। पार्षद अनुपम जैन और जितेन्द्र कटारे (जीतू) ने भी सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। इस अवसर पर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित क्षेत्रों के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Author: Jai Lok






