
जबलपुर, (जयलोक)। हमारा लक्ष्य जबलपुर विकास प्राधिकरण की सभी योजनाओं को व्यवस्थित कर आम लोगों को सुविधा देने के साथ ही शहर को एक सुंदर स्वरूप की पहचान दिलाने का है। हमारा पहला प्रयास है कि जो बिगड़ा हुआ है पहले उसे सुधारेंगे, नए के बारे में योजनाएं उसके बाद बनेगी। यह संभव तभी होगा जब सभी प्राधिकरण की योजना में शामिल व्यापारिक लोग और रहवासी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और सभी के सहयोग से उनकी भागीदारी के साथ यह कार्य किया जाएगा। यह कहना है जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन का जो लगातार प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और उन्हें विकसित स्वरूप देने की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा रही है।
जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन की अध्यक्षता में योजना क्रमांक 18 (सिविक सेंटर) एवं आसपास के क्षेत्रों को सुव्यवस्थित, सुंदर और सर्व-सुविधायुक्त बनाने के उद्देश्य से एक सकारात्मक पहल की शुरुआत की गई। इस कड़ी में सिविक सेंटर क्षेत्र के लीजधारियों, लाइसेंसधारियों, व्यापारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों तथा समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों के साथ चरणबद्ध बैठकों का आयोजन किया गया।

श्री जैन ने कहा कि सिविक सेंटर जबलपुर शहर का महत्वपूर्ण क्षेत्र है जिसमें संस्कारधानी के सभी वर्गों का दैनिक आवागमन होता है सिविक सेंटर क्षेत्र में बने ब्लॉक दुकान एवं ऑफिस की उचित देखरेख हेतु प्रत्येक ब्लॉक के नागरिकों की जागरूकता आवश्यक है, विकास प्राधिकरण इसमें आवश्यक बदलाव कर सिविक सेंटर का व्यवस्थित एवं सुंदर स्वरूप जबलपुर की जनता को समर्पित करने हेतु प्रयासरत है।

पहली बार हो रहे यह प्रयास
श्री जैन ने यह नवाचार किया है उन्होंने कहा कि इसी तारतम्य में सिविक सेंटर से संबंधित प्रत्येक इकाई को आगामी आयोजित 3 दिवसीय बैठक में जोडऩे का हमारा प्रयास है। सिविक सेंटर जबलपुर के बीचों-बीच एक ऐसा व्यावसायिक स्थान है जहां प्रतिदिन अत्यधिक व्यस्तता होती है जिसको दृष्टिगत रखते हुए इस क्षेत्र का व्यवस्थित विकास आवश्यक है।


सोसाइटी बनाया जाना जरूरी
जेडीए अध्यक्ष द्वारा स्पष्ट किया गया कि प्राधिकरण के नियमानुसार जिस भी निर्माण कार्य या ब्लॉक में 50 प्रतिशत से अधिक इकाइयों का विक्रय/लीज आवंटन हो चुका है, वहां सोसाइटी का गठन किया जाना अनिवार्य है। बुनियादी सुख-सुविधाओं का प्रबंधन सोसायटियों द्वारा ही किया जाना है, जिसके लिए सभी ब्लॉकों की पृथक-पृथक (अलग-अलग) सोसायटियों के गठन के निर्देश दिए गए।
कॉरिडोर एवं कॉमन पैसेज से हो अतिक्रमण मुक्त एवं स्वच्छ
जेडीए अध्यक्ष श्री जैन ने बताया कि दुकानदारों द्वारा कॉरिडोर और कॉमन पैसेज में दुकानों का सामान आगे बढ़ाकर किए गए अतिक्रमण को हटाकर मार्ग खाली कराया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को पैदल आवागमन में सुगमता हो और सडक़ पर जाम की स्थिति न बने।
कचरा घर बने पार्किंग स्थलों को सख्ती से सुधर जाएगा- बहुमंजिला भवनों के ऊपरी तलों के कार्यालयों द्वारा पीछे के खुले स्थानों एवं पार्किंग स्थलों पर कचरा फेंकने पर कड़ा नियंत्रण किया जाएगा, जिससे पार्किंग स्थलों का उपयोग सुचारू रूप से हो सके एवं भवनों के बाहर निकाले गए पानी के पाइपों को व्यवस्थित कराकर ग्राउंड फ्लोर के दुकानदारों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। साथ ही शौचालयों के मार्ग से हाथ-ठेलों का अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुलभ किया जाएगा, जिससे वहां साफ -सफाई बनी रहे।
सभी दुकानदारों/लीजधारियों की उपस्थिति अनिवार्य
जेडीए प्रशासन ने यह तय किया है कि सिविक सेंटर के शेष ब्लॉकों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए आगामी बैठकों का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है जिसके अंतर्गत आज 11 बजे से ब्लॉक क्रमांक 8 के लाइसेंसधारी, लीजधारी, व्यवसायी दोपहर 12 बजे ब्लॉक क्रमांक 9 के लाइसेंसधारी, लीजधारी, व्यवसायी दोपहर 01 बजे ब्लॉक क्रमांक 10 के लाइसेंसधारी, लीजधारी, व्यवसायी की बैठक ली गई है।
कल 5 अगस्त को विकास बाजार एवं प्रदर्शनी क्षेत्र के व्यवसायियों बैठक – कल 5 अगस्त को दोपहर 12 बजे से चौपाटी क्षेत्र के व्यवसायी, दुकानदार दोपहर 01 बजे 90 दुकानों के व्यवसायी/दुकानदार बैठक हेतु आमंत्रित है। जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन द्वारा संबंधित सभी ब्लॉकों, विकास बाजार, चौपाटी एवं 90 दुकानों के लीजधारियों, लाइसेंसधारियों, व्यापारियों एवं संस्था प्रमुखों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने बहुमूल्य सुझाव दें और सिविक सेंटर के सुव्यवस्थीकरण में सहयोग प्रदान करें।
सुझाव -विमर्श, निवेदन, फिर सख्ती की नीति पर काम कर रहा जेडीए- किसी भी विकास कार्य के पीछे अच्छी नियत अच्छे प्रयास के साथ-साथ सख्त निर्णय क्षमता की भी आवश्यकता होती है। वर्तमान स्थिति में जेडीए के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप जैन जिस कार्य पद्धति से इस विषय को आगे बढ़ा रहे हैं उससे यह स्पष्ट है कि जबलपुर विकास प्राधिकरण शहर के हृदय स्थल में स्थित अपने योजना के अधीन सिविक सेंटर को महानगरों की तर्ज पर विकसित कर एक अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहे हैं इस हेतु जेडीए प्रशासन ने सुझाव विमर्श, निवेदन, फिर सख्ती की रूपरेखा पर काम शुरू कर दिया है।
Author: Jai Lok





