जबलपुर (जयलोक)।
गर्मी को देखते हुए शहर में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कलेक्टर द्वारा बोरिंग पर प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन शहर में अभी भी कई जगहों पर चोरी छुपे बोरिंग की जा रही है। ऐसा ही कुछ गौर क्षेत्र में देखा गया। यहां एक बिल्डर कलेक्टर के आदेश का उलंघन करते पाया गया है। बिल्डर द्वारा खुलेआम पानी के लिए बोरिंग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गौर में एक बिल्डर द्वारा कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है। जिसके लिए बोरिंग की जा रही है। जबकि शहर में जल स्तर को बनाए रखने के लिए गर्मी के मौसम में कलेक्टर द्वारा बोरिंग पर प्रतिबंध लगाया गया है। लेकिन इसके बाद भी बिल्डर के इशारे पर बोरिंग की जा रही है।
अभी बाकी है गर्मी
अप्रैल माह में ही गर्मी का आलम यह है कि हैंडपंप और कुएं का पानी सूख रहा है। भीषण गर्मी में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। जबकि अभी गर्मी के सितम की शुरूआत है। आने वाले दो माह में गर्मी और तपन से शहरवासियो को सामना करना पड़ेगा। ऐसे में पानी को व्यर्थ ना बहाने का भी आग्रह किया गया है। जमीन के नीचे जलस्तर को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बोरवेल पर प्र्रतिबंध लगाया गया है। लेकिन बिल्डर की यह करतूत साबित करती है कि उसे कलेक्टर के आदेश से कोई लेनादेना नहीं हैं।