Download Our App

Home » जबलपुर » प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर जबलपुरवासियों को लोकार्पित,नितिन गडकरी ने दी मध्यप्रदेश को 7 हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भव्य समारोह में किया लोकार्पण

प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर जबलपुरवासियों को लोकार्पित,नितिन गडकरी ने दी मध्यप्रदेश को 7 हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भव्य समारोह में किया लोकार्पण

परितोष वर्मा
जबलपुर (जयलोक)। जबलपुरवासियों को आज एक बहुत बड़ी सौगात प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर की मिली है। केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस फ्लाई ओवर का लोकार्पण आज एक भव्य समारोह में किया।
आज 23 अगस्त का दिन मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। आज के दिन प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर के लोकार्पण के साथ ही महाकौशल क्षेत्र की 9 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम भारत शासन के मंत्री नितिन गडकरी द्वारा डॉ. मोहन यादव जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, सांसद आशीष दुबे, श्रीमती सुमित्रा बाल्मिकी, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, इंदु तिवारी, अभिलोष पांडे, संतोष बरकड़े, नीरज सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज,अखिलेश जैन तथा नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर प्रमुख रूप से मंच पर अतिथियों के साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी का शॉल श्रीफल पहनाकर स्वागत किया और गौंडवाना राज्य की रानी दुर्गावती प्रतिमा स्मृति स्वरूप भेंट की। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी, मुख्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री का पष्प गुच्छ से स्वागत किया।

केन्द्रीय मंत्री गडकरी

समारोह के मुख्यअतिथि केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि जब राकेश सिंह संसद सदस्य थे तब वे उनके पास जबलपुर में फ्लाई ओवर के निर्माण की माँग लेकर आए थे। तभी उन्होंने इस फ्लाई ओवर के निर्माण की माँग को सैद्धांतिक रूप से मंजूर कर लिया था। उन्होंने जब इस फ्लाई ओवर के निर्माण की घोषणा कर दी थी तो उसे पूरा कराने की जिम्मेदारी भी उन्हीं ने ली। श्री गडकरी ने कहा कि जबलपुर में फ्लाई ओवर के निर्माण के लिए देश के इतिहास में पहली बार 12 सौ करोड़ रूपये का एप्लाई ओवर फंड मंजूर किया गया। श्री गडकरी ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे तथा सभी विधायकों को धन्यवाद दिया जिनके संयुक्त प्रयासों से आज जबलपुर को प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर के निर्माण की सौगात मिली है। श्री गडकरी ने मप्र के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि मप्र विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। एक दौर ऐसा था जब मप्र में सडक़ों की हालत बहुत खराब थी। लोग गड्ढों में चलकर यह समझ जाते थे कि वे मप्र में प्रवेश कर चुके हैं। लेकिन आने वाले समय में मप्र में डेढ़ लाख करोड़ रूपये की लागत से सडक़ें बनाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक सांसद दूसरे सांसद को उज्जवल कार्यों का संदेश कैसे दिखा देता है इसका उदाहरण आज देखने को मिला। राकेश सिंह से आशीष दुबे तक विकास कार्यों की सौगात पहुँची है। राजनीतिक एक टाइगर ने आकर आज एक नए टाइगर कॉरिडोर की सौगात हमें दी है हमने जो माँगा वह तो मिला और जो नहीं माँगा था वह भी हमें मिला इसके लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। हमारा मध्य प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है जो सौगात हमें प्राप्त हुई हैं और जो भविष्य में होगी उससे निश्चित रूप से मध्य प्रदेश विकास की अग्रणी भूमिका में नजर आएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अकेले ऐसे हमारे केंद्रीय मंत्री हैं जो यह कहते हैं कि पैसे की कमी नहीं है जितने विकास कार्य करना है आज आपने हमें 7000 करोड़ की सौगात दी है और हमें छूट दी है कि हम जितने कार्य आज तक भेजेंगे वह भी पूरा होंगे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे यशस्वी और लोकर्पिय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश के कीर्तिमान गढ़े जा रहे हैं। प्रदेश में उन्नत इन्फ्रा स्ट्रक्चर तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को कंधे से कंधा मिलाकर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी साकार कर रहे हैं। श्री राकेश सिंह ने कहा कि वे इस बात को गर्व से कह सकते हैं कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी नहीं होते तो मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि यदि डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री नहीं होते तो यह ब्रिज अपना आकार नहीं ले पाता। श्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही फ्लाई ओवर का नामकरण रानी दुर्गावती के नाम से कर दिया है। यह फ्लाई ओवर एक ऐसी संरचना है जो सिर्फ एक पुल नहीं बल्कि यह जबलपुर के विकास में बहुत बड़ा योगदान देगा। यह सिर्फ भौगोलिक स्थिति बदलने वाला ब्रिज नहीं है बल्कि इससे जबलपुर का भविष्य भी बदलेगा। लोग यह कल्पना भी नहीं कर सकते कि इस फ्लाई ओवर को बनाने में कितनी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा है। श्री राकेश सिंह ने यह भी बतलाया कि जब इस पुल के निर्माण की चर्चा हुई थी तब इसके खर्च का अनुमान सात सौ करोड़ रूपये था लेकिन आज तमाम सुविधाओं के साथ 12 सौ करोड़ रूपये की लागत पर पहुंच गया है।

ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल

प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर ब्रिज की कल्पना को साकार करने वाले पूर्व सांसद और मंत्री राकेश सिंह विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं।

सांसद आशीष दुबे

सांसद आशीष दुबे ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि मुनष्य कभी संभव सी चीजों की कल्पना करता है और उसे साकार करना होता है तो उसे सबसे पहले पुरूषार्थ की जरूरत होती है उसी विचार को नवाचार में बदलने की आवश्यकता होती है यह पुरूषार्थ केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिखाया है और वे यह देख रहे हैं कि मध्य प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में लाकर खड़ा करने के लिए डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से प्रयासरत हैं। श्री आशीष दुबे ने मध्य प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर की सौगात देने के लिए जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सभी निवासियों की ओर से केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी को बधाई दी। सांसद ने कहा कि पूर्व में सांसद रहे वर्तमान कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने तर्कसंगत बिंदुओं के साथ वर्ष 2015-16 में केन्द्रीय मंत्री गडकरी के सामने माँग रखी थी जिसे तत्काल स्वीकृत करने के लिए मंत्री राकेश सिंह के लगातार प्रयासों के कारण ही आज फ्लाई ओवर का लोकार्पण संभव हो पाया है। उन्होंने कई कठिनाईयों को दूर कर जबलपुर को यह सौगात दिलाई है।

नितिन गडक़री की प्रमुख घोषणाएं

८ टाईगर एक्सप्रेस वे टाईगर फोरलेन कनेटिविट की घोषणा
८ 4600 करोड रुपए की लागत पहले थी अब यह 55 हजार करोड़ तक जाएगी। कान्हा बांधवगढ़ पन्ना और पेंच टाइगर कॉरिडोर एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा जिसके कारण पर्यटन और में आर्थिक विकास में बढ़ोतरी होगी।
८ मध्यप्रदेश में 7 हजार करोड़ रुपए के कार्य की घोषणा।
८ जबलपुर के बंदरिया के तिराहा से शाही नाला तक फ्लाई ओवर के निर्माण की घोषणा।
८ रीवा, उज्जैन और अन्य जिलों के लिए कई बड़ी घोषणाएं।
८ भोपाल से जबलपुर फोरलेन हाईवे बनाने की घोषणा की जिसकी दूरी 255 किलोमीटर है। इस निर्माण के लिये दिसंबर तक डीपीआर बनाने का काम पूरा होगा और राज्य सरकार जल्दी भूमिअधिग्रहण कर लेगी तो कार्य शीघ्र शुरू हो जायेगा।
८ जबलपुर से रायपुर फोरलेन सडक़ निर्माण की घोषणा।
८ मध्य प्रदेश को कई फोरलेन सडक़ों की सौगात दी।
८ जबलपुर से डिंडोरी तक 840 करोड़ से फोरलेन।
८ 2 रोप-वे जबलपुर में बनेंगे। अंपायर टॉकीज से सदर, गोरखपुर होते हुए ग्वारीघाट तक दूसरा सिविक सेंटर से कमानिया सराफा होते हुए अधारताल तक बनाया जाएगा।

टिफिन से तमंचा निकालकर शिक्षक को बच्चे ने मारी गोली

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » जबलपुर » प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर जबलपुरवासियों को लोकार्पित,नितिन गडकरी ने दी मध्यप्रदेश को 7 हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भव्य समारोह में किया लोकार्पण