
जबलपुर (जयलोक) । दमोहनाका एक्सटेंशन फ्लाई ओवर में दरार की अफवाह फैलाना मध्य भारत मोर्चा के सदस्यों को महंगा पड़ गया। पीडब्ल्यूडी विभाग की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने चार लोग मध्य भारत युर्वा मोर्चा के अध्यक्ष सौरभ यादव, दिलीप विश्वकर्मा, जानू शर्मा एवं शोभित राजपूत पर इस तरह की अफवाह फैलाने पर एफआईआर दर्ज की है। दमोह नाका एक्सटेंशन फ्लाईओवर में दरार होने के दावों को लोक निर्माण विभाग ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो भ्रामक है और जिसे दरार बताया जा रहा है, वह असल में तकनीकी रूप से बनाया गया एक्सपांशन ज्वाइंट है। वहीं अध्यक्ष सौरभ यादव का कहना है कि उसने केवल पुष्टि करने की दृष्टि से वीडियो बनाकर मीडिया को दिया था।दरअसल 3 फरवरी को मध्य भारत मोर्चा के सदस्यों द्वारा एक वीडियो वायरल किया गया था, जिसमें फ्लाईओवर की सुरक्षा पर सवाल उठाए गए थे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कंक्रीट के फैलाव और संकुचन को नियंत्रित करने के लिए एक्सपांशन ज्वाइंट दिए जाते हैं, जो निर्माण का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। बिना तथ्यों की जांच किए जनता में भय फैलाने के आरोप में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभाग ने पुष्टि की है कि फ्लाईओवर यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित है।पुलिस के अनुसार फ्लाई ओवर में दरार का जिस जगह का वीडियो वायरल किया गया था उसकी जाँच पीडब्ल्यूडी के विभाग द्वारा की गई। वायरल वीडियो पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं और कॉन्टे्रक्टर से वास्तविक तथ्यों की जानकारी लिए बिना ही वायरल कर दिया गया। पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाले चार लोगों पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाही शुरू कर दी है।

पुष्टि करने के लिए बनाया वीडियो
इस संबंध में मध्य भारत मोर्चा के सौरभ यादव का कहना है कि उन्होंने जनमानस की चिंता जाहिर करते हुए इसका वीडियो बनाया था। जिसकी पुष्टि के लिए मीडिया कर्मियों को यह वीडियो दिया था ना कि वीडियो को वायरल किया था। सौरभ यादव का कहना है कि मेरे द्वारा यह वीडियो वायरल नहीं किया गया है। लेकिन फिर भी मेरे और मेरे साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी गई है।

अचानक करियापाथर मुक्तिधाम पहुँचे निगमायुक्त बेबस बुजुर्ग को तत्काल दिलवाई राहत
Author: Jai Lok







