Download Our App

Home » News » देखिये वीडियो -बरगी नहर की दीवार टूटने से मचा कहर, बांध की दाईं तट नहर में पानी की सप्लाई बंद कराई

देखिये वीडियो -बरगी नहर की दीवार टूटने से मचा कहर, बांध की दाईं तट नहर में पानी की सप्लाई बंद कराई

सगड़ा के पास टूटी नहर से मचा हाहाकार, खेतों और घरों की ओर बढ़ा पानी  

मौके पर निरीक्षण करते एसडीएम अभिषेक सिंह एवं अन्य अधिकारीगण

जबलपुर (जयलोक)। बरगी बाँध परिक्षेत्र से निकलकर रीवा तक जाने वाली दाएं तट की नहर आज सगड़ा के पास अचानक फूट गई है। इस फूटी नहर ने तबाही मचा दी है। नहर का पानी ग्रामीणों के लिए आफत बन गया है। ग्राम पंचायत सगड़ा-झपनी के बीच इस नहर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया है। जिससे बड़ी मात्रा में नहर से पानी निकलकर आसपास के खेतों और ग्रामीणों के घरों की ओर बढ़ रहा है। जिससे गाँव में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो रहे हैं। बरगी नहर से निकल रही पानी की धार को देखते हुए ग्रामीणों ने चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि पानी बड़ी मात्रा में उनके खेतों और उनके घरों की ओर बढ़ रहा है। जिससे जहां एक ओर उनकी खेतों की फसलें बर्बाद हो जाएंगी तो वहीं दूसरी ओर घरों में पानी घुसने से गृहस्थी का सामान और घरों में भी नुकसान होगा। बरगी बांध जब से बना है तब से यह पहली घटना है जब इस बांध की नहर टूटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहर में पहले से ही पानी का दबाव काफी अधिक था। आज सुबह अचानक नहर की दीवार कमजोर होकर टूट गई और कुछ ही मिनटों में पानी आसपास के निचले इलाकों में भरने लगा। देखते ही देखते जलस्तर लगातार बढ़ता चला गया। स्थिति यह है कि दर्जनों गांवों पर बाढ़ का सीधा खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर की हालत लंबे समय से खराब थी, दीवारें जर्जर हो चुकी थीं। कई बार संबंधित विभाग से इसकी मरम्मत की माँग की गई लेकिन माँग को अनुसनी कर दिया गया। इसी लापरवाही का खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर नहर की दीवार की मरम्मत की जाती तो आज यह दीवार ना टूटती और किसानों पर यह आफत ना आती।नहर के टूटे हिस्से को बंद करने की कार्रवाही
नहर की दीवार टूटने की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। जो स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा पानी के बहाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से नहर के टूटे हिस्से को बंद करने की कोशिश जारी है। हालांकि जलस्तर लगातार बढऩे के कारण कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पहली बार टूटी दीवार
इंजीनियर श्रृद्धा बसोडकर ने बताया ने बताया कि जिस जगह पर नहर की दीवार टूटी है यह दीवार यहां से पहली बार टूटी है। इसके पूर्व यहां कोई लीकेज नहीं था। हालांकि इस बात की शिकायत ग्रामीणों ने पूर्व में अधिकारियों से की थी।

मिट्टी का बहाव हुआ तेज
बरगी नगर की दीवार टूटने से जिस हिस्से पानी की निकासी हो रही है उस हिस्से में मिट्टी का बहाव भी तेज हो गया है जिससे पानी निकासी की मात्रा बढ़ती जा रही है। इसको देखते हुए अधिकारियों द्वारा मिट्टी के बहाव को भी नियंत्रित किया जा रहा है। इंजीनियर श्रृद्धा बेसोडकर का कहना है कि दीवार की मरम्मत के पूर्व उन्हें मिट्टी के बहाव को नियंत्रित करना होगा। उसके बाद ही सुधार कार्य प्रारंभ हो सकेगा।

मौके पर पहुंचे जबलपुर एसडीएम
दाई तट नहर फूटने की जानकारी मिलते ही जबलपुर एसडीएम अभिषेक सिंह अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचे। एसडीएम अभिषेक सिंह ने जयलोक से चर्चा करते हुए बताया कि नहर फूटने की घटना हुई है। इसका पानी आसपास के खेतों में भी भर रहा है। जिसके नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। पानी को नरई नाला के माध्यम से नर्मदा नदी की ओर डायवर्ट किया गया है। जल्द से जल्द सुधार कार्य के प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे आवश्यकता पडऩे पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। साथ ही राहत और बचाव दल को सतर्क कर दिया गया है। लेकिन नहर टूटने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

फसलों के नुकसान का होगा सर्वे
जबलपुर अनुभाग के अंतर्गत ग्राम सगड़ा-झपनी के पास नहर टूटने की घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन द्वारा बरगी बांध की दाईं तट नहर से पानी की निकासी पूर्णत: बंद करा दी गई है।
इसके साथ ही जिस स्थान पर नहर टूटी है उसके आगे के नहर के सभी गेट खोल दिये गये हैं, ताकि खेतों में भरे पानी की निकासी तेजी से हो सके। एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर नहर के टूटने के कारण खेतों में पानी भर जाने से फसलों को हुये नुकसान का सर्वे प्रारंभ कर दिया गया है। प्रभावित किसानों राहत राशि का वितरण किया जाएगा। कार्यपालन यंत्री बरगी बांध की दाईं तट नहर के मुताबिक आज दोपहर लगभग 12 बजे बरगी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सगड़ा के पास मुख्य नहर के टूटने से नरई नाला से लगे कुछ खेतों में पानी भर गया। सूचना मिलते ही बरगी बांध से दाईं तट नहर से पानी की निकासी पूरी तरह बंद कर दी गई है तथा नहर टूटे हिस्से के आगे के नहर के सभी गेट खोल दिये गये।

पानी की दिशा बदलने के बाद होगा सुधार कार्य
किसानों का कहना है कि कई खेतों तक पानी पहुँच चुका है और इससे फसलों को नुकसान भी हो रहा है। किसानों की फसलें पानी में जलमग्न हो चुकी हैं। हालांकि इंजीनियर श्रृद्धा बेसोडकर का कहना है कि खेतों तक पानी नहीं पहुँचेगा। पानी की दिशा बदलकर नरई नाले की ओर की गई है ताकि किसानों के खेत और घरों तक पानी ना पहुँचे। वहीं यह पानी नर्मदा नदी में जाकर मिलेगा। दूसरी ओर नहर में भरे पानी की निकासी की जा रही है ताकि पानी के लीकेज का बहाव बंद हो सके। इसके लिए बरगी नगर के आगे के गेटों से भी पानी छोड़ा जा रहा है। नहर से पानी का बहाव खत्म होते ही इसका सुधार कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की टीम ने यहां सुधार कार्य के लिए मशीनें तैनात कर दी हैं और नहर के खाली होने का इंतजार किया जा रहा है।

https://jailok.com/%e0%a4%a8%e0%a4%af%e0%a4%be-%e0%a4%96%e0%a5%81%e0%a4%b2%e0%a4%be%e0%a4%b8%e0%a4%be-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b8-%e0%a4%a8%e0%a5%87%e0%a4%a4%e0%a4%be/
Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » देखिये वीडियो -बरगी नहर की दीवार टूटने से मचा कहर, बांध की दाईं तट नहर में पानी की सप्लाई बंद कराई
best news portal development company in india

Top Headlines

Live Cricket