
जबलपुर (जयलोक)। शहर में सफाई कार्य को लेकर निगमायुक्त प्रीति यादव काफी गंभीर है। वे किसी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं करना चाहती हैं। जहां एक ओर सफाई कर्मियों और सफाई कार्य में लगे अधिकारियों पर कार्रवाही की जा रही है तो वहीं सफाई ठेका कंपनी को भी नहीं बख्शा जा रहा है। जिसका एक उदाहरण कल देखने को मिला, जब सफाई कार्य में लापरवाही बरतने पर ठेका कंपनी बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस पर जुर्माना लगाया गया।
बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस पर 25 लाख 11 हजार रूपये का जुर्माना निर्धारित संख्या से कम सफाईकर्मी लगाए जाने पर लगाया गया है। यह खुलासा निगमायुक्त के निरीक्षण के दौरान हुआ, जब सात जोनों पर सफाई कर्मियों की संख्या कम पाई गई। इसके पूर्व भी सफाई कार्य में लापरवाही बरतने पर बर्फानी सिक्योरिटी सर्विस के संचालक रीतेश टंडन पर जुर्माना लगाया जा चुका है। लेकिन इसके बाद भी सफाई कार्य को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। निगमायुक्त प्रीति यादव ने बताया कि जोन क्रमांक 1,2,3,4,10,14,15 का सफाई ठेका बर्फानी सिक्योरिटी को दिया गया है। इन जोनों में लगातार सफाईकर्मियों के कम आने की शिकायतें मिल रहीं थीं। जिसके बाद सफाईकर्मियों की उपस्थिति की जाँच कराई गई जिसमें पाया गया कि सफाईकर्मियों की संख्या कम है। जिसके बाद ठेका कंपनी पर 25 लाख 11 हजार का जुर्माना लगाया गया। निगमायुक्त ने कहा कि यह जुर्माने की राशि की कटौती मई माह के देयक से की जाएगी।

गीता हमें हर परिस्थिति का सामना मुस्कुराते हुए करना सिखाती है
Author: Jai Lok







