
जबलपुर (जय लोक)। कटंगी क्षेत्र के ग्राम झगरा में कलेक्शन एजेंट के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जिस वाहन से भाग रहे थे उसका पेट्रोल खत्म हो गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने लुटेरों को पकडक़र पहले तो उनकी धुनाई कर दी फिर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूट की राशि, लैपटॉप व कंपनी के दस्तावेज बरामद कर लिए है। पकड़े गए आरोपी दमोह, पाटन व शहपुरा के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार दमोह जिले के ग्राम समना निवासी हेमेंद्र पटेल टीवीएस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यंरत है। वह दमोह और जबलपुर के आसपास किश्तों की वसूली के लिए आते-जाते रहते हैं। 26 मार्च को जब वह मोटर साइकल से कटंगी होते हुए दमोह के लिए रवाना हुआ और जब वह झगरा गांव से आगे बढ़ रहा था, इस दौरान दो युवकों ने उन्हें रोककर पेट्रोल मांगा। हेमेन्द्र के रुकते हुए बदमाशों ने मोटर साइकल से पेट्रोल निकालना शुरु कर दिया। मना करने पर गाली गलौज करने लगे, इस बीच लुटेरों के तीन साथी और आ गए, सभी ने मिलकर हेमेन्द्र को बुरी तरह पीटा और 27 हजार 500 रुपए से भरा बैग व लैपटॉप छीनकर भाग निकले।

हेमेन्द्र राह चलते लोगों की मदद लेकर थाना कटंगी पहुँचा और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इस दौरान एक आरोपी हर्ष बर्मन को ग्रामीणों ने पहचान कर पकड़ लिया।

हर्ष ने पूछताछ में अपने चार साथियों के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को और पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी पाटन, शहपुरा, तेजगढ़ जिला दमोह के रहने वाले हैं। जिनसे शहर में हुई अन्य लूट की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
1 अप्रैल से महँगा होगा का सफर, भोपाल समेत कई रूट्स पर टोल राशि में बढ़ोतरी होगी
Author: Jai Lok






