
जबलपुर (जयलोक)। विजय नगर थाना अंतर्गत विवाद के दौरान सडक़ पर शराब पी रहे युवकों ने जिला भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल के भाई और पूर्व मंडल अध्यक्ष राजाराम पटेल उर्फ पिंटू पर चाकू से हमला किया। विवाद का कारण बीच सडक़ पर शराब पीने से रोकना बताया जा रहा है। जिसमें शराब पी रहे तीन शराबियों ने कार सवार भाजपा नेता पर चाकू से हमला कर दिया। पिंटू पटेल महात्मा गांधी वार्ड से भाजपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।

घटनाक्रम के अनुसार पूर्व पार्षद पिंटू पटैल मंगलवार रात करीब 11:30 बजे गोलबाजार से अपने घर कचनार सिटी लौट रहे थे। जीरो डिग्री रोड पर कुछ युवक बीच रास्ते में बैठकर शराब पी रहे थे। जब पिंटू पटैल ने उन्हें वहां से हटने को कहा और रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए। विवाद बढऩे पर बदमाशों ने चाकू से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में पिंटू पटैल के सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

पिंटू पटेल पर हुए चाकू के हमले से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। विजय नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Author: Jai Lok







