
जबलपुर (जय लोक)। ग्रीन वैली फार्मलैण्ड के नाम पर जबलपुर में दर्जनों लोगों को ठगी करने का आरोपी अर्थ डेवलपर्स एंड बिल्डर्स के संचालक नीरज ललित प्रताप सिंह के खिलाफ पुलिस का शिकंजा बढ़ता जा रहा है, नीरज ललित प्रताप सिंह के खिलाफ बरगी थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में एसडीएम अभिषेक सिंह के समक्ष यह जानकारी भी आई है कि उक्त जालसाजी करने वाला बिल्डर भोपाल में भी इसी प्रकार से जमीन खरीदफरोख्त की धोखाधड़ी करने की तैयारी में था। इस बारे में अन्य जानकारियाँ भी एकत्रित की जा रही हैं। प्रशासन के समक्ष यह जानकारी भी सामने आ चुकी हैं कि उक्त फर्जी कार्य करने वाले बिल्डर के खिलाफ रीवा जिले में भी एक एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब इस बिल्डर से राज उगलवाने और साक्ष्य एकत्रित करने के लिए पुलिस ने इसे तीन दिनों की रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बिल्डर ललित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। इस मामले में अब तक बिल्डर द्वारा ठगी का शिकार हुए 45 लोग सामने आए हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में और भी ठगी का शिकार हुए लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस के अनुसार रीवा निवासी नीरज प्रताप सिंह कुछ समय से संजीवनी नगर स्थित सतपुड़ा एवेन्यू में रह रहा है। उसने हर्रई में फार्म लैंण्ड बेचने की बात कहते हुए कई लोगों से रकम ली। रकम लेने के बाद भी लोगों का ना तो जमीन दी ना ही पैसा वापस लौटाया। इस दौरान कुछ लोगों से उसने फार्म लैण्ड में इन्वेस्टमेंट कराने के नाम पर भी पैसे लिए थे। लेकिन ये रकम भी उसने वापस नहीं लौटाई। मामले ने तूल पकड़ा और एक के बाद एक ठगी का शिकार हुए लोग बरगी थाने पहुँचकर बिल्डर नीरज ललित प्रताप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुँचे। यह मामला कलेक्टर दीपक सक्सेना के पास तक भी पहुँचा। कलेक्टर के आदेश के बाद कार्रवाही शुरू हुई और नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया।

सरकारी जमीन पर भी किया अतिक्रमण
इस मामले में यह बात भी सामने आई है कि बिल्डर नीरज द्वारा हर्रई की सरकारी जमीन के खसरा नम्बर 9, 11, 12, 13, 15, 16 और 33 पर कब्जा कर वहां पर वाउंड्री वॉल बनाकर अपना कार्यालय बना लिया था। बिल्डर नीरज द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए कब्जे को भी अलग किया जाएगा।

Author: Jai Lok







