Download Our App

Home » Uncategorized » मंत्री राकेश सिंह का नवाचार लोकपथ ऐप की चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर, मप्र की इस योजना का कौन बनेगा करोड़पति में हुआ उल्लेख

मंत्री राकेश सिंह का नवाचार लोकपथ ऐप की चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर, मप्र की इस योजना का कौन बनेगा करोड़पति में हुआ उल्लेख

जबलपुर (जयलोक)। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा क्षतिग्रस्त सडक़ों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विकसित किया गया लोकपथ मोबाइल ऐप अब राष्ट्रीय पहचान बन चुका है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के इस नवाचार को हर स्तर पर सराहना मिली है और यह प्रयास तेजी से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में भी आया है। इसी का परिणाम है कि हाल ही में इस ऐप का उल्लेख देश के सबसे प्रतिष्ठित टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में हुआ। इस कार्यक्रम के होस्ट, प्रख्यात अभिनेता श्री अमिताभ बच्चन ने लोकपथ ऐप से जुड़ा सवाल प्रतिभागी से पूछा।

नरसिंहपुर जिले के खिलाड़ी

यह उल्लेख न केवल मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है, बल्कि प्रदेश में सडक़ों के रखरखाव और सुधार के लिए किए गए नवाचारों को भी राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करता है। नरसिंहपुर जिले के रचित कुमार बेल्थरिया ने इस सवाल का सही उत्तर बिना किसी सहायता के देकर शो में सभी का ध्यान आकर्षित किया। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कौन बनेगा करोड़पति में मध्यप्रदेश के नवाचार को स्थान देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार की ओर श्री अमिताभ बच्चन का आभार व्यक्त किया और प्रतिभागी श्री रचित का अभिनंदन किया।
उन्होंने कहा कि मात्र 6 माह में इस ऐप ने प्रदेश से निकलकर राष्ट्रस्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है एवं पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने इस घटना को गर्व का क्षण बताते हुए कहा, लोकपथ ऐप लोक निर्माण से लोक कल्याण का सेतु है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लोकार्पित लोकपथ ऐप, लोक निर्माण विभाग की एक अनूठी पहल है।

95 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण

लोकपथ ऐप पर अब तक 4536 से अधिक शिकायतें प्राप्त की गई हैं, जिनमें से 95 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण 7 दिनों के भीतर किया गया। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए इस तकनीक का प्रभावी ढंग से उपयोग किया है। मध्यप्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रदेश की सडक़ों को गुणवत्तापूर्ण,सुदृढ़ और सुरक्षित बनाना है और लोकपथ ऐप इस दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है।

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » Uncategorized » मंत्री राकेश सिंह का नवाचार लोकपथ ऐप की चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर, मप्र की इस योजना का कौन बनेगा करोड़पति में हुआ उल्लेख

Top Headlines

Live Cricket