
जबलपुर (जय लोक)
होली के पर्व पर प्रदेश भर में होने वाली यात्री बसों की हड़ताल प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आश्वासन के बाद स्थगित कर दी गई है। भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित हुई बैठक में प्रदेश के हर संभाग से बस आपरेटर एसोसिएशन के दो दो सदस्यों को आमंत्रित किया गया था। जबलपुर से उपाध्यक्ष वीरेंद्र साहू, कमल किशोर तिवारी, संजय समाधिया बैठक में शामिल हुए थे।

जबलपुर बस आपरेटर एसोसिएशन के प्रवक्ता सचिन शर्मा, सदस्य मुकेश जैन यह जानकारी देते हुए बताया कि संगठन की मांग पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकार ने गंभीरता से विचार किया है। परमिट समाप्ति वाले आदेश को राजपत्र में प्रकाशित होने से रोक दिया गया है। इसके साथ ही टैक्स बढ़ाने वाले आदेश को वापस ले लिया गया है।

संगठन के सदस्यों ने बताया कि बैठक में यह निर्णय हुआ है कि इस विषय पर निराकरण करने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा जिसमें परिवहन मंत्री, परिवहन सचिव के प्रतिनिधित्व में अधिकारियों और बस ऑपरेटर की एक कमेटी बनाई जाएगी। आने वाले समय में इस कमेटी की बैठक पर हर विषय पर चर्चा कर बस ऑपरेटर की बातों को भी महत्व दिया जाएगा एवं उनकी वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नया प्रारूप तैयार किया जाएगा।
इसके पूर्व सागर में हुई बैठक में यह निर्णय किया गया था कि बस आपरेट अपनी समस्याओं को लेकर आगामी 2 मार्च से प्रदेश व्यापी हड़ताल पर जा रहे हैं। इस दौरान बसों के पहिये थमे रहेंगे।

बैठक में सरकार द्वारा नई परिवहन नीति पर आक्रोश व्यक्त किया गया था। बस आपरेटरों का कहना था की यदि परिवहन नीति नहीं बदली गई तो बस परिवहन उद्योग तबाह हो जाएगा। कई लोगों पर रोजी रोटी का संकट आ जाएगा। इसी तरह बैठक में मांग रखी गई थी की बारात लेकर जाने वाले बसों के परमिट का टैक्स बढ़ाया गया है। जिसका बोझ भी अंत में आम जनता पर ही आएगा। लिहाजा बढ़ा हुआ टैक्स वापस लिया जाए। पुरानी बसों के परमिट को कैंसिल कर उन्हीं बसों को एक कंपनी के माध्यम से पुन: रजिस्टर किया जाएगा। फिर इन्हीं बस संचालकों से तीन रुपए प्रति किलोमीटर की वसूली की जाएगी।
ऑनलाइन बुकिंग पर प्राप्त होनी वाली राशि पर भी 5 प्रतिशत की वसूली की जाएगी। बुकिंग का पैसा 24 घंटे बाद दिया जाएगा। शादियों के लिए बुक होने वाले वाहनों में प्रति सीट राशि बढ़ा दी गई है जिससे सीधे तौर पर आम जनता पर बोझ पड़ेगा। बैठक में तय किया गया कि 2 मार्च से अनिश्चित कालीन हड़ताल की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश भर में बसे नहीं चलेंगी। लेकिन बस ऑपरेटरों की मांग पर कल भोपाल में हुई बैठक के बाद इस हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है।
Author: Jai Lok






