जबलपुर, (जयलोक)। सकल जैन समाज के तत्वावधान में श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन द्वारा संस्कारधानी जबलपुर में आगामी 2 से 7 फरवरी तक श्री महावीर स्वामी दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए राइट टाऊन गोल बाजार में भव्य एवं मनोहारी कुंडलपुर नगरी बनाई जा रही हैं जिसमें जबलपुर सहित पूरे प्रदेश ही नहीं देश एवं विदेश से भी जैन बंधुओं का आगमन होगा वर्तमान समय में भौतिकता की दौड़ में शामिल होकर डिप्रेशन, निराशा, जैसी समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं। उन्हें नई ऊर्जा और दिशा देने के लिए जयपुर नगर से विख्यात मोटिवेशनल स्पीकर हर्षवर्धन जैन संस्कारधानी पधार रहे हैं। फेडरेशन अध्यक्ष संजय जैन एवं मीडिया प्रभारी नितिन जैन ने बताया कि जबलपुर में आयोजित होने जा रहे भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्व संध्या पर 1 फरवरी की शाम 7:30 बजे हर्षवर्धन जैन का विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया है। जिसमें वे अपने जीवन के अनुभवों के माध्यम से समस्याओं का समाधान बताने का प्रयास करेंगे। ज्ञात हो कि हर्षवर्धन जैन पूरे देश और विदेश में अपने विशेष व्याख्यान के लिए जाने जाते हैं। इनके व्याख्यानों को सुनकर लाखों लोगों का जीवन बदला है और हर्षवर्धन जैन अपनी अनूठी शैली एवं विशेष व्यक्तित्व से सभा को प्रभावित करते हैं और जन सामान्य को सोचने पर बाध्य कर देते हैं। शहीद स्मारक गोल बाजार के प्रांगण में बनी कुंडलपुर नगरी में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में जबलपुर के सभी नागरिकों को आमंत्रण है। इस कार्यक्रम में प्रवेश का कोई शुल्क नहीं रखा गया है। इस कार्यक्रम के अगले दिन 2 फरवरी से पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारंभ हो जाएगा।
स्मार्ट मीटर के 25 हजार जनता से वसूलेंगे जायेंगे अगले 10 सालों तक