
अभी तक तो अपने को ये मालूम था कि योग के सबसे प्रकांड विद्वान ‘बाबा रामदेव’ हैं जिनका कहना है की योग से सारे रोग दूर हो जाते हैं लेकिन वहीं बाबा रामदेव हर रोग की दवा बनाकर करोड़ों रुपयों में खेल रहे हैं। एलोपैथी को गलत बताते हुए आयुर्वेद को महत्व देने वाले वे और उनके साथी ‘बालकृष्ण जी’ जब बीमार पड़े तो अस्पताल में ही भर्ती हुए और एलोपैथी की दवा खाकर स्वस्थ हो पाए। योग के नाम पर बाबा रामदेव ने जो जलवा खींचा है और जो दुकान चलाई है उस दुकान को बंद करने का जुम्मा अब कांग्रेस के श्योपुर विधायक ‘बाबू झंडेल’ ने ले लिया है। विधानसभा के सामने अपने खिलाफ एफआईआर को निरस्त करवाने के लिए

उन्होंने शीर्षासन शुरू कर दिया, अभी तक टीवी वाले माइक जमीन से पांच फुट ऊपर हुआ करते थे लेकिन बाबू साहब ने इन टीवी चैनलों के रिपोर्टरों को भी घुटनों के बल ला दिया और उनके माइक जमीन पर आ गए क्योंकि भाई साहब शीर्षासन करते-करते अपना बयान दे रहे थे ,उनका कहना था कि ये सरकार उनको मारना चाहती है लेकिन वे इतने कमजोर नहीं है जैसे वे शीर्षासन कर रहे हैं वैसा ही शीर्षासन वे इस सरकार को करवा देंगे। बाबू साहब ने शिव पार्वती विवाह के दौरान खुश होकर फायरिंग कर दी अब चाहे फायरिंग ‘हर्ष फायरिंग’ हो या ‘दुख फायरिंग’ मामला तो बनता है सो पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। जैसे ही बाबू जी को पता लगा उन्होंने तुरंत अपनी एफ आई आर के खिलाफ शीर्षासन शुरू कर दिया, कई मिनट तक सर नीचे और पैर ऊपर करके खड़े रहे और देखते ही देखते पूरे प्रदेश में उनकी तस्वीर वायरल हो गई।

वैसे बाबू साहब ऐसे करतब दिखाते रहे हैं एक बार एक एसआई लेडी को भयंकर गालियां दीं उस पर भी एफआईआर दर्ज हुई, फिर एक बार ‘गोविंदा’ की तर्ज पर अपना कुर्ता फाड़ दिया एक बार बिजली संकट को देखते हुए खंभे पर चढक़र बिजली जोड़ दी। यानी जितनी नौटंकी हो सकती हैं वो सब बाबू साहब कर चुके हैं लेकिन यदि उनके शीर्षासन से घबराकर सरकार ने उनकी एफआईआर रद्द करवाने के आदेश दे दिए तो फिर हर अपराधी जिसके भी खिलाफ एफआईआर होगी इसी तरह पुलिस थाने के सामने शीर्षासन करके अपनी एफआईआर कटवा लेगा, लेकिन उनके शीर्षासन को देखकर बाबा रामदेव भारी चिंतित हैं क्योंकि अभी तक उन्हीं की योग की दुकान चल रही थी लेकिन जब से लोगों ने बाबू जी का शीर्षासन देखा है तब से उनको समझ में आ गया कि योग का ठेका अकेला बाबा रामदेव के पास नहीं हंैं। हमारे विधायक भी योग पंडित हैं।

अपना तो बाबा रामदेव जी से कहना है कि बाबा जी बाबू साहब को अपने हरिद्वार के आश्रम में बुला लो और हेड योगाचार्य बना दो, इसके साथ-साथ बाबू जी को भी अपनी एक सलाह है देखो योग के नाम पर बाबा अरबपति बन गया है आप भी विधायकी का चक्कर छोड़ो और योग की दुकान खोल लो दो-चार साल में आप भी अरबपति ना बन जाओ तो कहना।
साल का पहला चंद्रग्रहण, चंद्र ग्रहण से पहले बंद हो जाएंगे मंदिरों के पट
Author: Jai Lok






