
टेक्निकल टीम सहित कई टीमें कर रहीं तलाश
जबलपुर (जयलोक)। पुलिस कार्रवाही की जद में एक बार फिर आए अब्दुल रज्जाक के परिजनों पर कार्रवाही का सिलसिला तेज हो गया है। चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस अब्दुल रज्जाक के भाई अब्बास और रियाज को तलाशने में जोरशोर से जुट गई है। सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी के अनुसार अब्दुल रज्जाक परिवार के सदस्यों पर पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। जिसमें वे फरार चले आ रहे हैं और उनके ऊपर विभिन्न प्रकरणों में अलग-अलग राशि के इनाम भी घोषित हैं।
फरार आरोपियों को पकडऩे के लिए तकनीकी दल के अलावा तीन अलग-अलग टीमें बनाइ गई हैं। जो कि विभिन्न स्थानों पर सूचना प्राप्त होने पर छापा मार कार्रवाही कर रही हैं। हालांकि पुलिस को इनकी गिरफ्तारी पर सफलता नहीं मिली है। लेकिन पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
बरामद किए गए हथियारों के संबंध में पूछताछ जारी – पुलिस द्वारा अभी तक की कार्रवाही में गिरफ्तार आरोपी सरफराज, सज्जाद, महमूद और अजहर के कब्जे से तीन पिस्तौलें पाँच कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन हथियारों के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ करेगी। ये किसके द्वारा कहां से लाए गए हैं और किस प्रयोजन हेतु रखे गए थे।
दो साल से हैं फरार – सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी ने बताया कि अब्दुल रज्जाक के भाई अब्बास और रियाज लगभग दो सालों से अधिक समय अवधि से फरार चल रहे हैं। विभिन्न प्रकरणों के संबंध में इनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सिवनी में आयोजित शादी समारोह में ये सभी फरार आरोपी एकत्रित होने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर पूरे योजनाबद्ध तरीके से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिवनी में आयोजित शादी समारोह और जबलपुर के विभिन्न ठिकानों पर लगभग एक ही समय पर छापेमार कार्रवाही को अंजाम दिया गया था।
अब मददगारों की तैयार हो रही सूची – पुलिस सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गिरफ्त में आए 50 हजार इनाम के चार आरोपी की फरारी के दौरान किस-किस ने मदद की, कहां कहां ये रूके थे और जो लोग अभी फरार हैं उनकी कौन मदद कर रहा है इन सब लोगों की भी जानकारी एकत्रित कर सूची तैयार की जा रही है और भविष्य में ये लोग भी पुलिस कार्रवाही की जद में आ सकते हैं।

मप्र के 19 जिलों में अति भारी और 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, नदियां उफनीं, डैम ओवरफ्लो
Author: Jai Lok







