
आधा किलोमीटर पहले से शुरू हुआ स्वागत का क्रम
जबलपुर (जय लोक)। आने वाले समय में जबलपुर और तेजी के साथ विकास की राह में आगे निकलेगा, अभी तो यह शुरुआत है आगे और भी विकास के कार्य जनता को समर्पित किये जायेंगे। जिनमे मॉं नर्मदा के तटों को सुन्दर, आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाया जायेगा और देश-प्रदेश से लोग माँ नर्मदा जी का दर्शन करने पहुॅंचेगें। जबलपुर में फ्लाई ओवर का जाल बिछेगा, जिससे यातायात सुचारु होगा, जबलपुर से भोपाल तक नया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे बनने वाला है जिससे जबलपुर से भोपाल की दूरी 3 घण्टे और जबलपुर से इंदौर की दूरी 4.5 घण्टे में पूरी होंगी, जबलपुर से प्रयागराज, जबलपुर से अंबिकापुर के लिए नया एक्सप्रेस वे बनेगा, माँ रानी दुर्गावती का संग्रहालय भी 100 करोड़ की लागत से बनेगा, जबलपुर के ठाकुरताल से शैलपर्ण उद्यान तक मदन महल की पहाडिय़ों पर जू कम टाइगर सफारी की घोषणा मुख्यमंत्री जी कर चुके हैं। जबलपुर में दो स्थानों पर रोपवे ट्रांसपोर्ट सिस्टम बनेगा जिससे यातायात को गति मिलेगी और जनता को आवागमन का नया साधन भी उपलब्ध होगा।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री और चार बार के सांसद जबलपुर के खाते में कई उपलब्धियां दर्ज करवाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता केबिनेट मंत्री राकेश सिंह का कल महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के नेतृत्व में नगर निगम जबलपुर द्वारा बहुत ही भावभीने और गरिमामय कार्यक्रम में नागरिक अभिनंदन किया गया। यह नागरिक अभिनंदन प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर के साथ ही जबलपुर के खाते में आई कई विशेष और विकास की उपलब्धियां के लिए जबलपुर की जनता की ओर से धन्यवाद स्वरूप किया गया। निश्चित तौर पर महापौर अन्नू की अगुवाई में राकेश सिंह का यह नागरिक अभिनंदन यादगार बन गया।
नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज के अहम योगदान और भाजपा की महिला पार्षदों की विशेष भूमिका से इस कार्यक्रम को और अधिक भव्य स्वरूप मिला।
मेरा हर कदम जनता का ऋण उतारने की दिशा में बढ़ेगा-मंत्री राकेश सिंह
मंत्री राकेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि नगर निगम जबलपुर द्वारा महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू के संयोजन में जो अभिनन्दन हुआ है इसके लिए मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूँ, पर मैंने जबलपुर के विकास के लिए जो किया यह जबलपुर की जनता के द्वारा लगातार मिले आशीर्वाद का ही परिणाम है और जबलपुर की जनता का मैं ऋणी हूँ और इस ऋण को उतराने की दिशा में मेरा हर कदम आगे बढ़ रहा है, जीवन का सर्वस्व न्यौछावर कर जबलपुर की जनता का ऋण उतारने का प्रयास करूॅंगा।
मंत्री श्री सिंह ने कहा जबलपुर का इतिहास बहुत ही समृद्ध और वैभव शाली रहा है चाहे वह माँ रानी दुर्गावती का शासन हो या कलचुरी राजाओं का समय हो हम एक गौरव शाली वैभवशाली परम्परा से समृद्ध रहे है, कालांतर में जबलपुर के साथ अन्याय हुआ और हम पिछड़ गए। उन्होंने कहा मैं जब सामाजिक और राजनैतिक जीवन में आया तब जबलपुर के पिछड़ेपन का दंश मुझे चुभता था और तब तय किया कि जबलपुर के विकास के लिए कार्य करना है मुझे जनता ने आशीर्वाद दिया। राकेश सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय को विश्वास दिलाते हुए कहा कि अब जबलपुर महानगर का स्वरूप ले चुका है और इस विकास की गति को और अधिक तेज करने के लिए मैं प्रतिबद्ध हूँ।

संतों की अगुवाई में हुआ मर्यादित कार्यक्रम
मंत्री राकेश सिंह के नागरिक अभिनंदन का यह कार्यक्रम संतों की अगुवाई में हुआ। महापौर के विशेष आग्रह पर नगर के सभी प्रमुख संत कार्यक्रम में उपस्थित हुए और जनप्रतिनिधियों को आशीर्वाद दिया।
म.प्र. शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने ऐतिहासिक अभिनंदन समारोह और इतनी अच्छी अनुशासित व्यवस्थाओं के लिए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम के अध्यक्ष रिकुंज विज, सभी एम.आई.सी. सदस्यों, पार्षद साथियों के साथ-साथ नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों की सराहना करते हुए सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

ये मिली है उपलब्धियाँ
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दृष्टि से प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर, देश की दूसरी सबसे बड़ी रिंग रोड़, अत्याधुनिक विमानतल, ब्रॉडगेज परियोजना,आईटी पार्क, पर्यटन स्थल डुमना नेचर रिजर्व, बरगी डेम क्रूज, फूड क्रॉफ्ट इंस्टिट्यूट, के साथ जनहित के ऐसे अनेक विकास कार्यो की सौगात मंत्री राकेश सिंह के माध्यम से मिली हैं। अभिनंदन समारोह में शहर की 100 से अधिक संस्थाओं ने कैबिनेट मंत्री श्री सिंह का पुष्पहार, शाल और अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया।

लड्डू से तोला गया, एकरूपता दिखाई महिला पार्षदों ने
मंत्री श्री सिंह के नागरिक अभिनन्दन में महाकौशल चेम्बर द्वारा उन्हें लड्डूओं से तोला गया कार्यक्रम के दौरान भाजपा की महिला पार्षदों ने एकरूपता का प्रदर्शन करते हुए एक सी साड़ी पहनी और आकर्षक अंदाज में केबिनेट मंत्री राकेश सिंह का स्वागत कर नागरिक अभीनंदन किया।
हद कर दी : पूर्व महापौर प्रभात साहू से चेकिंग के दौरान गालीगलौज झूमा झटकी, घटना का वीडियो
Author: Jai Lok







