
भोपाल (जयलोक)। राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र के इकलेरा कस्बे में रविवार को प्लॉट के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शाजापुर जिले में पदस्थ एक एएसआई ने कथित तौर पर विवाद के दौरान 12 बोर की बंदूक से गोलियां चला दीं। फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दो अन्य घायलों का शुजालपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना का एक कथित लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलाने की घटना दिखाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, इकलेरा निवासी दिलीप प्रजापति वर्तमान में शाजापुर जिले में ्रस्ढ्ढ के पद पर पदस्थ हैं और सीसीटीएनएस का काम देखते हैं। इससे पहले वह सेना में कार्यरत थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे मध्य प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए। इकलेरा में उनके प्लॉट पर मकान का निर्माण चल रहा है और इसी सिलसिले में वे छुट्टी लेकर वहां पहुंचे थे।
पड़ोसी प्लॉट को लेकर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
पुलिस के मुताबिक, दिलीप प्रजापति के प्लॉट के पास गुलाबबाई का एक प्लॉट था, जिसे मुकेश पिता स्वर्गीय प्रेमनारायण ने खरीदा था। मुकेश और उसके परिजनों का आरोप है कि निर्माण के दौरान ्रस्ढ्ढ उनके प्लॉट की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसी विवाद को लेकर रविवार को मुकेश और उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इस दौरान दिलीप प्रजापति के पास 12 बोर की बंदूक थी। आरोप है कि उन्होंने इसी बंदूक से फायरिंग कर दी।
सीने और जांघ में लगीं गोलियां
फायरिंग में दीपक पिता कनीराम (45) के सीने में गोली लगी। वहीं सतीश जाटव (30) के सीने के बाईं ओर और मुकेश जाटव (25) की जांघ में गोली लगी। तीनों को गंभीर हालत में तत्काल शाजापुर जिले के शुजालपुर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई, जबकि सतीश और मुकेश का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Author: Jai Lok






