
जबलपुर (जय लोक)। कल देर रात एक तेज रफ्तार कार ने कोहराम मचाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पाँच लोगों को चोटें पहुँची हैं। हादसा देर रात 12 बजे का बताया जा रहा है। तेज रफ्तार कार एक दीवार से टकराकर रुकी। जिसके बाद पुलिस ने कार को जप्त कर हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा भंवरताल गार्डन से रसल चौक और इनकम टैक्स क्षेत्र तक हुआ। घायलों में साहिल नामक युवक, पुलिसकर्मी आदित्य और एक करीब 14 साल का किशोर शामिल हैं। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार भंवरताल गार्डन क्षेत्र से निकली और रसल चौक पहुंची। यहां कार चालक ने सडक़ किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद एक युवती और अन्य राहगीर भी कार की चपेट में आ गए। थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने बताया कि कार बरेला निवासी अनुराग सोनी चला रहा था। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

शराब के नशे में था कार चालक
थाना प्रभारी श्री बघेल का कहना है कि कार चालक शराब के नशे में था जिसके कारण वह कार को नियंत्रित नहीं कर पाया। पुलिस ने जब उसे पकड़ा उस समय वह नशे में था। उसे थाने लाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया और कार्रवाही शुरू की।

वाहनों को मारी टक्कर
कार ने सडक़ किनारे खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में लिया। यहां उसने एक कार, सिलेंडर लदे वाहन और अन्य खड़ी गाडिय़ों को टक्कर मारी। घटना में कम से कम तीन कारें और तीन से चार मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

दीवार से टकराई
अनियंत्रित कार अंत में मिंट पार्क की दीवार से टकराकर रुकी। सूचना मिलने पर ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन जब्त कर लिया। ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है।
रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुए भाजपा विधायक चंद्रू लमानी ,अब राजनीति में मचा हडक़ंप
Author: Jai Lok






