
जबलपुर (जय लोक)।शहर में रहने वाले एक युवक अमित कुमार को 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिसके लिए उन्हें नई दिल्ली से बुलावा आया है। इतना ही नहीं, अमित, राष्ट्रपति के साथ भोज पर भी आमंत्रित हैं। उन्हें राष्ट्रपति भवन का विशेष आमंत्रण मिला है।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय से जुड़ी अटल पेंशन योजना में नियमित प्रीमियम जमा करने वाले अमित का चयन देशभर से चुने गए उन 10 लोगों में हुआ है, जिन्हें भारत सरकार अपने खर्च पर दिल्ली बुला रही है। अमित को यह सम्मान योजना में वर्षों से नियमित योगदान देने और अनुशासित निवेश के लिए दिया जा रहा है।

उन्होंने वर्ष 2018 में इस योजना में पंजीयन कराया था। तब से वे हर महीने बिना किसी चूक के 130 रुपए का प्रीमियम जमा कर रहे हैं। 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर उन्हें इस योजना के तहत प्रतिमाह 3 हजार रुपए पेंशन मिलेगी।

अमित को खमरिया डाकघर से फोन आया। डाक विभाग के अधिकारियों ने उनका पता सत्यापित किया और कुछ ही देर बाद डाक अधीक्षक व पोस्टमैन उनके घर पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति भवन से भेजा गया आधिकारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। निमंत्रण के साथ दिल्ली आने-जाने की हवाई यात्रा, राष्ट्रपति भवन में प्रवेश पास, एक दिन के ठहरने की व्यवस्था और स्मृति उपहार भी उपलब्ध कराया गया है।


इस उपलब्धि पर अमित और उसके परिवार वालों में खुशी देखी जा रही है। राष्ट्रपति के हाथों सम्मान पाने की खबर मिलते ही अमित और उनका परिवार खुशी से झूम उठा। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के बीच उनका चयन होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
Author: Jai Lok





