
जबलपुर (जयलोक)। दस माह से अपनी पैतृक जमीन वापस पाने के लिए गढ़ा थाने के चक्कर काट रही बुजुर्ग महिला को जब यहां से मदद की आस नहीं दिखाई दी तो वह अपनी पीड़ा लेकर एसपी कार्यालय पहुँची। जहां उसने बताया कि रांझी निवासी एक युवक द्वारा उसकी जमीन पर कब्जा किया गया है। आरोपी अपराधिक प्रवृत्ति का है जिससे उसे जान का भी खतरा बना हुआ है। जिसकी शिकायत दस माह पहले भी महिला ने गढ़ा थाने में की थी। लेकिन आज तक महिला की शिकायत पर कोई कार्रवाही नहीं हुई।
एसपी ऑफिस पहुँची 73 वर्षीय मीराबाई ठाकुर निवासी रिछाई ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसका प्लॉट मौजा पुरवा नं. बं. 162 गढ़ा वार्ड क्रमांक 1 में है। 1681 वर्गफुट के प्लाट को उसके नाना ने खरीदा था। उनकी मृत्यु के बाद यह संपत्ति महिला के नाम हो गई। महिला मीरा बाई ने बताया कि जहां वह रहती है वहां फैक्ट्री में राजजी पटेल का आना जाना रहता था जिसे नामांतरण करवाने के लिए कहा। तो उसने गनमत मिश्रा नामक युवक से नामांतरण कराने की बात कही। इसके लिए गनमत मिश्रा ने उसके दस्तावेज और पैसे माँगे। महिला ने करीब दस लाख 75 हजार रूपये गनपत मिश्रा को दिए। जिसके बाद गनपत ने कुछ दस्तावेज दिए जब महिला को गनपत पर शक हुआ और दस्तावेजों को चैक कराया तो पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।
बुजर्ग महिला मीरा बाई ने बताया कि जब उन्होंने गनपत के बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला कि गनपत ने इसी तरह से कई लोगों की संपत्ति हथिया ली है। जिसकी शिकायत महिला ने दस माह पूर्व 8 अगस्त 2024 को गढ़ा थाने में की थी। लेकिन शिकायत को कोई असर नहीं दिखा और अब तक उसे अपनी संपत्ति वापस नहीं मिली। महिला ने एसपी ऑफिस में सौंपी गई शिकायत में बताया कि दस माह से सिर्फ थाने के चक्कर ही कटवाए जा रहे हैं। जबकि गनपत इसी तरह का फर्जीवाड़े का काम करता है और उसके खिलाफ रांझी थाने में भी धोखाधड़ी का मामला कायम है। इसके बाद भी पुलिस उस पर कोई कार्रवाही नहीं कर रही है। महिला ने एसपी से शिकायत में अपनी जमीन वापस माँगते हुए आरोपी पर कार्रवाही की माँग की है।

Author: Jai Lok







