
सटोरिये रिमांड पर, पुलिस अब तलाश रही सनपाल की भूमिका
जबलपुर (जय लोक)। जबलपुर पुलिस द्वारा 9 मामले में भगोड़ा घोषित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट सटोरिया सतीश सतपाल के सटोरिया नेटवर्क के एक बार फिर जबलपुर में सक्रिय हो जाने की भनक पुलिस को मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आईपीएस एएसपी आयुष गुप्ता और उनकी टीम इस पूरे मामले में जांच कर रही है।

दिलीप खत्री और संजय खत्री सट्टा जगत के पुराने नाम हैं और पूर्व की कार्यवाही में पुलिस रिकॉर्ड में भी यह बात आई थी कि यह लोग अंतरराष्ट्रीय सटोरिया सतीश सतपाल के नेटवर्क का अहम हिस्सा हैं एवं उसी की रकम को सट्टे के कारोबार में लगाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता ने जय लोक को बताया कि सट्टे के इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हर संभावित बिंदु पर उनसे पूछताछ की जा रही है। इनका पुराना रिकॉर्ड भी निकाला गया है यह किसके साथ कार्य करते थे किसके कहने पर कार्य करते थे, सट्टे के कारोबार में किसका पैसा लग रहा था वर्तमान में किन परिस्थितियों में यह सट्टे का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है इन सभी बिंदुओं पर जांच करने के लिए टीम बनाई गई है।

Author: Jai Lok







