
जबलपुर (जयलोक)। आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लोक सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में आज से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान प्रारंभ हुआ। इस अभियान की शुरूआत आज पनागर क्षेत्र से हुई। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंचायत एवं विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने इस जन विश्वास अभियान के महत्व के बारे में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अब जनप्रतिनिधि और सभी प्रशासनिक अधिकारी जनता के बीच जाएंगे तथा नागरिकों की समस्याओं को सुनेंगे। इस अभियान में नागरिक अब खुलकर अपनी समस्याएं बताएंगे जिनका निराकरण किया जाएगा। श्री पटेल ने कहा कि जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नागरिकों की समस्याओं के साथ साथ सार्वजनिक महत्व की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जानी जाएगी।
इसी कड़ी में आज पनागर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोहास स्थित आंगनवाडी केंद्र का निरीक्षण करने पहुँचे विधायक सुशील कुमार तिवारी इंदु, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय का नन्हें बच्चों ने फूल भेंटकर स्वागत किया। कलेक्टर श्री सिंह ने इस अवसर पर आँगनवाड़ी केंद्र के बच्चों से संवाद कर उनसे कविता, गिनती पूछी। इसके साथ ही वे पनागर के बेलखाडू में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी पहुँचे। यहां उन्होंने स्वास्थ केन्द्र का निरीक्षण करते हुए जानकारी ली। यहां के भ्रमण के बाद जनपद पंचायत पनागर के सभाकक्ष में दोपहर 3 से 4 बजे तक उद्यम संवाद एवं शाम 4 से 5 बजे तक समाधान संवाद के कार्यक्रम होंगे।

दलों का किया गया गठन
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने अभियान के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला स्तर पर तथा विकासखंड एवं कलस्टरवार संयुक्त दलों का गठन किया है। उन्होंने सभी विभागों के प्रमुखों को अभियान के दौरान निर्धारित रोस्टर एवं कैलेंडर का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिये हैं।

हर विधानसभा में चलेगा अभियान
शासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुरू हुए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र पनागर के बाद अगले शुक्रवार 14 अगस्त को विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम, शुक्रवार 21 अगस्त को सिहोरा के अंतर्गत जनपद पंचायत सिहोरा एवं नगर पालिका सिहोरा, शुक्रवार 11 सितंबर को बरगी के अंतर्गत जनपद पंचायत शहपुरा, शुक्रवार 18 सितंबर को उत्तर मध्य विधानसभा में, शुक्रवार 25 सितंबर को पाटन के अंतर्गत जनपद पंचायत पाटन, 9 अक्टूबर को बरगी के अंतर्गत जनपद पंचायत जबलपुर, 16 अक्टूबर को जबलपुर केंट विधानसभा, 23 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र सिहोरा के अंतर्गत जनपद पंचायत कुंडम, 30 अक्टूबर को पाटन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जनपद पंचायत मझौली, 6 नवंबर को विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व में क्षेत्र भ्रमण और नागरिकों से संवाद के कार्यक्रम होंगे।


सुशासन की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा जन विश्वास अभियान
Author: Jai Lok






