
80वें स्वतंत्रता दिवस पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रममंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने नरसिंहपुर में किया ध्वजारोहण
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 12 वर्षों का कार्यकाल विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित
नरसिंहपुर (जय लोक) 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात समवेत स्वर में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन हुआ।
मुख्य अतिथि मंत्री श्री पटेल ने परेड का विधिवत निरीक्षण किया और आकर्षक मार्च पास्ट के माध्यम से जवानों के अनुशासन व उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी का राज्य की जनता के नाम संदेश का वाचन भी किया।

जनसेवा और जनकल्याण का संकल्प समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि 80वां स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल एक उत्सव मात्र नहीं है, बल्कि यह जनसेवा से जनविश्वास और जनविश्वास से जनकल्याण के संकल्प को सिद्ध करने का दिव्य अवसर है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक परिवर्तन लेकर आए हैं।

श्री पटेल ने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा और भारत एक सशक्त, विकसित राष्ट्र के रूप में संपूर्ण विश्व का नेतृत्व करेगा।सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।


कार्यक्रम के समापन पर मंत्री श्री पटेल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, सांस्कृतिक दलों तथा परेड की टुकडिय़ों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित व पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Author: Jai Lok






