
सीमित लोगों को बात रखने की सदन में अनुमति मिली, दोपहर बाद होगी बजट पर चर्चा
जबलपुर (जयलोक)
पंडित भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष में नगर निगम की बजट बैठक आहूत हुई। बैठक प्रारंभ होते ही जन समस्या के मुद्दों पर विपक्ष हावी नजर आया। सफाई व्यवस्था, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, जल प्लावन, जल संकट के मुद्दों पर बजट से पहले चर्चा करने के लिए विपक्ष ने अपनी बात रखी। जिसको लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा। नगर निगम की बजट बैठक के दौरान विपक्ष ने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और रांझी में जल संकट के मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष को घेर लिया। बैठक के शुरू होते ही विपक्ष ने इन मुद्दों पर चर्चा की मांग की, लेकिन अध्यक्ष ने केवल बजट पर चर्चा करने की बात कही। इसके जवाब में विपक्ष के पार्षद पोस्टर हाथ में लेकर महापौर मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
विपक्ष का कहना था कि महापौर शहर की समस्याओं पर मौन हैं। इस पर सत्ता पक्ष के पार्षदों ने भी महापौर के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद नगर निगम अध्यक्ष ने सदन की बैठक को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और कांग्रेस पार्षद दल सचेतक अयोध्या तिवारी ने बजट चर्चा से पहले डोर टू डोर और जल संकट पर चर्चा की माँग पर जोर दिया।
बैठक पुन: बहाल होने पर अध्यक्ष ने इन मुद्दों पर पांच-छह लोगों को अपनी बात रखने की अनुमति दी इसके बाद दोपहर बाद बजट पर चर्चा करने का निर्णय हुआ। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, सफाई व्यवस्था, जल संकट एवं जल प्लावन जैसे विषयों पर नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, अयोध्या तिवारी, मुक़ीमा अंसारी, रितु राजेश यादव, शगुफ्ता उस्मानी ने अपनी बात राखी। बाद मेंं बजट पर चर्चा प्रारंभ हुई।
विपक्ष चाहता है शहर में संकट आए-महापौर
विपक्ष द्वारा लगातार महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के खिलाफ की गई नारेबाजी और आरोप प्रत्यारोप के बीच महापौर ने भी विपक्ष को जवाब दिया है। महापौर का यह कहना है कि विपक्ष के पार्षद तो भगवान को अगरबत्ती जलाकर यह मनौती मांगते हैं कि शहर में जलसंकट और जलप्लावन जैसे संकट आते रहें लेकिन विपक्षियों की यह मनोकामना पूरी नहीं होगी। महापौर ने यह भी कहा कि विपक्ष सिर्फ हंगामा ही मचाता है। जबकि विपक्ष का यह दायित्व है कि वह तर्कसंगत रूप से अपनी बात करे। आज सदन की बैठक में महापौर ने कहा कि वे विपक्ष से कह रहे हैं कि वे सवाल उठाएं और महापौर उनका जवाब देंगे लेकिन विपक्षीय पार्षद शहर के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय सिर्फ हंगामा ही करना चाहते हैं।

Author: Jai Lok







