जबलपुर (जयलोक)। पाटन के टिमरी गांव में हुई चार लोगों की हत्या को लेकर अब भी ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। आज भी इन हत्याओं की चर्चा गर्म रही। हालांकि आरोपियों को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है लेकिन क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए यहाँ पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर इस मामले में और भी जानकारियाँ एकत्रित कर रही हैं।
सोमवार को यहाँ खेत में जुआँ खेलने को लेकर हुए विवाद में अनिकेत दुबे, समीर दुबे, सतीश उर्फ गुंजन पाठक व उसके भाई मनीष पाठक की हत्या कर दी थी। हत्या की वारदात को गाँव के ही 9 लोगों और उनके साथियों ने मिलकर अंजाम दिया। यह पूरी घटना बीच सडक़ पर हुई। जिसमें लोग भी अपनी जान बचाने भागते रहे। वहीं अब पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाही के लिए सीसीटीवी फुटेज की जाँच कर रही है।
सायबार सेल को सौंपे गए फुटेज
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है। यह फुटेज सायबर सेल टीम को जाँच के लिए सौंपे गए हैं। फुटेज की जाँच के बाद घटना से जुड़े अन्य जानकारियाँ सामने आएंगी।
ग्रामीणों से पूछताछ
एएसपी श्री शर्मा ने कहा कि फिलहाल तो पुलिस यहाँ शांति बनाए रखने के लिए तैनात है। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच पूर्व में किस बात को लेकर और कितनी बार विवाद हुआ इस बारे में भी जानकारी हासिल की जा रही है।
महेश साहू के मार्केट की हो रही जाँच-एसडीएम
एसडीएम पाटन महेन्द्र सिंह ने जय लोक को बताया कि जिस मार्केट के सामने यह पूरा घटनाक्रम हुआ उसके अवैध तरीके से बनाए जाने की शिकायतें मिली हैं। जिसको लेकर कलेक्टर ने जाँच के आदेश भी दिए हैं। इस मामले की जाँच में तहसीलदार, एसडीएम और ग्राम पंचायत की टीम लगी हुई है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि महेश साहू का यह मार्केट अवैध है। अगर मार्केट से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले तो मार्केट को तोड़ा भी जा सकता है।
दुकान से खुलेगा राज
दोनों पक्षों के बीच जुआँ खिलाने से उत्पन्न विवाद की बात सामने आई है ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि आरोपी पक्ष से महेश साहू की दुकान में हथियार रखे होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। जिसको लेकर पुलिस जाँच कर रही है।
कल हुआ अंतिम संस्कार
इस घटना में मृतक चारों लोगों का पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कई घरों के चूल्हे नहीं जले। क्षेत्र में मातम छाया हुआ है। वहीं मृतकों के घरों में लोगों को आना जाना लगा हुआ है।
दोपहर बाद पहुँचेगे मंत्री राकेश सिंह
इस नृशंस हत्यांकाड की खबर लगते ही आज लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मृतकों के घर पहुँचेगे। जहाँ अधिकारियों से बात कर पूरी घटना की जानकारी लेंगे।
पर्वतारोही सौरभ ने टीम के साथ केदारकांठा चोटी में लहराया तिरंगा