
जबलपुर (जयलोक)। राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक की कार को टक्कर मारने वाला कार चालक पुलिस गिरफ्त में हैं। आरोपी कार चालक एसएएफ के हेड कांस्टेबल का बेटा निकाला। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त कार को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना 20 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे की है। सांसद सुमित्रा बाल्मीक अपने वाहन से अंधमुख बायपास से रांझी की ओर आ रही थीं। जैसे ही उनकी गाड़ी रांझी गोकलपुर स्थित लक्ष्मी मंदिर के पास पहुंची, पीछे से आ रही एक सफेद रंग की कार के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए सांसद के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक तेजी से अपनी कार लेकर खमरिया की तरफ भाग निकला था।

इस मामले में सांसद के चालक ने रांझी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। चूंकि मामला राज्यसभा सांसद से जुड़ा था और उन्होंने इस घटना को लेकर कुछ गंभीर आशंकाएं भी जताई थीं, इसलिए पुलिस ने इसे प्राथमिकता पर लिया। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में सफेद कार तो नजर आई, लेकिन रात के अंधेरे के कारण नंबर स्पष्ट नहीं हो रहा था।

इसी दौरान पुलिस की नजर कार पर लगे एक खास स्टीकर पर पड़ी, जिस पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था। इसी छोटे से सुराग ने जांच की दिशा बदल दी। स्टीकर के आधार पर पड़ताल करते हुए पुलिस मनमोहन नगर निवासी मनीष नामक युवक तक पहुंची। कड़ाई से पूछताछ करने पर मनीष ने 20 फरवरी की रात सांसद की गाड़ी को टक्कर मारने की बात स्वीकार कर ली।
Author: Jai Lok






