
जबलपुर (जयलोक)। होटल किंग्सवे में लंबे समय से संचालित एक जुए के फड़ पर पुलिस ने छापा मारकर यहाँ से रसूखदार जुआडिय़ों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इन जुआडिय़ों के रसूख का अंदाजा इसी बात से ही लगाया जा सकता है कि उनकी जो चार कारें जप्त हुई हैं। वे बड़ी महंगी कारें हैं। वहीं इन रसूखदार जुआडिय़ों को बचाने के लिए नेता भी सक्रिय रहे हैं। इन जुआडिय़ों में भाजपा मंडल स्तर के भी कुछ पदाधिकारियों के शामिल होने की चर्चा सरगर्म है।
पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत लंबे समय से संचालित हो रहे जुए के फड़ पर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय को मिली जानकारी के बाद प्राप्त निदेर्शों के आधार पर एएसपी शहर आनंद कलादगी के मार्गदर्शन में धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल पुलिस लाइन और पाटन थाने के स्टाफ को शामिल कर छापा मारा गया। ताश पत्तों के अंदर बाहर का यह खेल पाटन में मंडी के पास स्थित होटल किंग्सवे (व्यास मैरिज गार्डन) के कमरा नंबर 203 में चल रहा था। हार जीत का दांव लगा रहे 12 जुआडिय़ों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है। इनमें से बहुत से रसूखदार नाम शामिल हंै। कुछ लोग इस छापा मार कार्यवाही से बच निकलने में कामयाब हुए हैं जिसको लेकर अपने-अपने स्तर पर चर्चाएं हो रहीं हैं।
कल हुई इस कार्रवाई के दौरान बहुत से लोगों को बचाने के लिए अलग-अलग नेताओं के फोन पुलिस के पास घनघनाते रहे, लेकिन पुलिस ने भी कार्यवाही करते हुए मौके से 12 जुआडिय़ों को पकड़ा। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली कि पाटन में मंडी के पास स्थित होटल किंग्सवे (व्यास मैरिज गार्डन) के कमरा नम्बर 203 में कुछ जुआड़ी ताश पत्तों पर रूपयों की हारजीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी धनवंतरी नगर उप निरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में पुलिस लाईन एवं थाना पाटन की संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से पाटन स्थित किंग्सवे होटल में दबिश दी गई। होटल के कमरा नम्बर 203 का दरवाजा आवाज देकर खुलवाया गया कमरे के अंदर कुछ जुआड़ी डबल बेड पर ताश पत्तों पर रूपयों की हारजीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हुये मिले जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।

ये जुआड़ी पकड़े गए
नाम पता पूछने पर सभी ने अपने नाम क्रमश: पंकज विश्वकर्मा निवासी साहू कालोनी पाटन, राजेन्द्र सिंह ठाकुर निवासी बालाजी कालोनी पाटन, राहुल यादव निवासी करौदी थाना कटंगी, सोनू यादव निवासी चौधरी मोहल्ला पाटन, सौरभ जैन निवासी चंद्रभान पिपरिया पाटन, दीपक सेन निवासी महुआखेड़ा पाटन, विनय कुमार, प्रिंस गौड़ दोनों निवासी ग्राम रिमझा, शैलेष बवेले निवासी गुरू मोहल्ला पाटन, आकाश सिंह पटैल निवासी चौधरी मोहल्ला पाटन, राहुल जैन निवासी बाजार वार्ड पाटन, देवेन्द्र यादव निवासी चौधरी मोहल्ला पाटन बताया।

जुआँ फड़ चलाने वाले होटल संचालक की तलाश
पूछताछ पर जुआडिय़ों द्वारा मौखिक रूप से होटल किंग्सवे (व्यास मैरिज गार्डन) के संचालक द्वारा अपने होटल के कमरों का उपयोग सामान्य जुआ घर के रूप में करना बताया गया, होटल किंग्सवे का संचालक उपस्थित नहीं मिला। जुआडिय़ों के पास एवं फड़ से ताश के 52 पत्ते तथा नगदी 1 लाख 68 हजार 900 रूपये, विभिन्न कम्पनियों के 13 नग मोबाइल कीमती लगभग 3 लाख रूपये के तथा के्रटा कार क्रमांक एमपी 20 सीजे 9080, क्रेटा कार क्रमांक एमपी 20 जेडई 6300, बिना नम्बर की स्विफ्ट कार, स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 20 सीएम 4981 कीमती लगभग 50 लाख रूपये तथा मोटर सायकल इनफील्ड बुलेट क्रमांक एमपी 20 जेडए 5099 कीमती लगभग 1 लाख रूपये की जप्त करते हुये जुआरियों के विरूद्ध थाना पाटन में धारा 3, 4 जुआ एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुये होटल के संचालक की तलाश जारी है।

अन्य जिलों से भी आते थे लोग जुआँ खेलने
सूत्रों ने बताया कि यहां संचालित हो रहे जुए फड़ में अन्य जिलों से लोग भी जुआ खेलने आते हैं। यह फड़ किसके संरक्षण में संचालित हो रहा है और पाटन पुलिस ने अभी तक इस पर कार्यवाही क्यों नही यह सवाल भी खड़ा हो गया है।
धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी और पुलिस लाइन से आए बल ने की पाटन में सजे जुआ फड़ की कार्यवाही
जुआँ फड़ पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत चल रहा था। सूत्रों के अनुसार इस क्षेत्र में जुआँ फड़ का संचालन कई दिनों से हो रहा था। आश्चर्य की बात यह है कि पाटन पुलिस का मुखबिर तंत्र यहां जुए फड़ के संचालन को लेकर विफल साबित हुआ है। पाटन पुलिस द्वारा पूर्व में यह कार्रवाई ना किया जाना भी विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद उक्त जुआँ फड़ को पकडऩे के लिए होटल के कमरे में छापा मारकर जुआडिय़ों को पकडऩे में चौकी प्रभारी धनवंतरी नगर उप निरीक्षक दिनेश गौतम, पुलिस लाईन के आरक्षक अभिषेक, आदित्य, धीरू सिंह, सुमित हल्दकार, ताराचंद, अमरीश, मनोज मिश्रा एवं थाना पाटन के उप निरीक्षक जितेन्द्र दुबे, आकाशदीप साहू, सहायक उप निरीक्षक स्वदेश गुप्ता, प्रधान आरक्षक विनय, आरक्षक अनुराग, रामगोपाल, आरक्षक चालक दिनेश मीना को भेजा गया।
Author: Jai Lok







