
अब 2.50 लाख नौकरियों का लक्ष्य लाडली बहनों का बढ़ेगा पैसा
भोपाल (जय लोक)। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया। इसके बाद परेड की सलामी ली। आईपीएस आदित्य पटेल ने परेड का नेतृत्व किया, जबकि एसपीएस दिव्या झरिया टू आईसी रहीं। परेड में 18 टुकडिय़ां शामिल हुईं, जिनमें सशस्त्र सीमा बल, हॉक फोर्स, एसटीएफ और गुजरात पुलिस की टुकडिय़ां भी थीं।
इसके पहले, सीएम डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास परिसर में भी ध्वजारोहण किया और अधिकारियों, कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रमाण पत्र और पुरस्कार की घोषणा की। इसके अलावा, उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं, जो आने वाले समय में मध्य प्रदेश के लिए बेहद कारगर साबित हो सकती हैं।

पीएम के नारे को आगे बढ़ाना है
लाल परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण के बाद सीएम ने अपने भाषण में स्वदेशी अपनाने, विकास योजनाओं और राज्य की उपलब्धियों पर विशेष जोर दिया। सीएम ने कहा, प्रधानमंत्री के नारे ‘लोकल फॉर वोकल’ को ‘वोकल से ग्लोबल’ तक लेकर जाना है।

ढाई लाख नौकरियों का लक्ष्य
सीएम ने कहा, इस वर्ष हमने औद्योगिक वर्ष मनाया। इसमें 40 हजार करोड़ से अधिक का निवेश मिला। अब लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। बताया, इस साल एक लाख नौकरियां दी गईं। आगामी एक साल में 2 लाख 50 हजार नौकरियों का सृजन लक्ष्य है।

किसानों का भी कल्याण
सीएम ने कहा, मध्य प्रदेश देश का प्रमाणित जैविक खेती वाला राज्य है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कई फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरू हुईं, पशुपालकों के लिए योजनाएं शुरू की गईं।
लडली बहनों की बढ़ेगी राशि
वहीं, सीएम मोहन यादव ने महिलाओं के लिए भी खुशखबरी दी। कहा, इस साल लाडली बहनों की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी जाएगी। वहीं, वृंदावन ग्राम योजना से गांवों को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। स्वामित्व योजना में मध्य प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।
जबलपुर, ग्वालियर के लिए खुशखबरी
आगे कहा, इसके अलावा जल जीवन मिशन से 19 हजार से अधिक गांवों में 78 लाख परिवारों को नल से जल पहुंच गया। जल संचय में खंडवा जिला देश में प्रथम आया। वहीं, इंदौर और भोपाल को मेट्रोपॉलिटन के रूप में विकसित करेंगे, भविष्य में ग्वालियर और जबलपुर को भी शामिल करेंगे। डायल 100 को डायल 112 में कन्वर्ट किया गया। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से ग्रामीण क्षेत्रों में बस सुविधा शुरू की जाएगी। इसके अलाव, प्रदेश के 8 नगरों को स्वच्छता में पुरस्कार मिला है।
हर 50 किमी पर हवाई अड्डा
सीएम ने कहा, कई जिलों में नए एयरपोर्ट बने, एविएशन सेक्टर में वृद्धि हुई है। अब हर 50 किमी पर हवाई अड्डा और 75 किमी पर हवाई पट्टी बनाने का लक्ष्य है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज बढ़ाए जाएंगे, स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर करेंगे। आयुष क्षेत्र में कई केंद्र खुले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में निशुल्क शव वाहन शुरू किए गए। अब अस्पताल स्तर पर उपलब्ध कराएंगे।
55 जिलों में पीएम श्री स्कूल खुलेंगे
राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू हो चुकी है। 55 जिलों में पीएम श्री स्कूल खोलने की कोशिश है। ई-गवर्नेंस में प्रदेश को स्वर्ण पदक मिला है। प्रशासनिक और न्यायालय कार्य पेपरलेस हुए हैं।
पर्यावरण और धार्मिक विकास
5 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए। भोपाल का राष्ट्रीय उद्यान विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है। पंचमणी के जंगल को भभूतसिंह के नाम पर रखा जाएगा। यूनेस्को ने भोजपुर को जोड़ा है।
शिप्रा नदी पर बनेंगे घाट
वहीं, धार्मिक सर्किट पर काम जारी है। शिप्रा नदी को साफ करने और घाट बनाने पर कार्य होगा। 5 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर पाएंगे।
Author: Jai Lok







