
जबलपुर (जयलोक)। माईनिंग के मामलों में न्यायालय में चल रही सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश से सीधे संपर्क करने के मामले में कटनी के विजयराघवगढ़ के विधायक संजय पाठक की इस हरकत के विरोध में दर्ज याचिका पर अगली सुनवाई 26 मार्च को होनी है।
कटनी निवासी युवक आशुतोष दीक्षित ने जिले के विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक द्वारा हाईकोर्ट के एक न्यायाधीश से सम्पर्क करने की कोशिश के मामले में हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच के समक्ष याचिका दायर की है। इसमें विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच ने अगली सुनवाई 26 मार्च को निर्धारित की है। दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने हाईकोर्ट के जज से संपर्क करने की कोशिश की थी, जो न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास माना जा सकता है। याचिका में यह भी कहा गया है कि पाठक परिवार से जुड़ी खदानों के मामले की सुनवाई जस्टिस विशाल मिश्रा की अदालत में निर्धारित थी।
एक सितंबर 2025 को जस्टिस मिश्रा ने खुलासा किया था कि विधायक ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की थी। निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से जस्टिस मिश्रा ने मामले की सुनवाई से स्वयं को अलग कर प्रकरण को प्रशासनिक स्तर पर चीफ जस्टिस के समक्ष भेजने के निर्देश दिए थे। ऐसे घटनाक्रम के बाद से कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए विधायक संजय पाठक की मुश्किलें बढ़ गई थी। इस पूरे मामले को आधार बनाकर विपक्ष ने भाजपा और सरकार की बदनामी की थी और कहा था कि सत्ता के मद में भाजपा के नेता न्यायपालिका की गरिमा से भी खिलवाड़ कर रहे हैं।
Author: Jai Lok






