
जबलपुर (जय लोक)। गढ़ा थाना अंतर्गत मामूली से विवाद पर चार दोस्तों का अपहरण करने वाले पाँच आरोपियों को गढ़ा पुलिस ने चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भी भेज दिया गया है। इस मामले में एक आरोपी फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश की जा रही है।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि पुरानी रंजिश के तहत आरोपियों ने चारों युवकों का अपहरण किया था। जिसमें दो कारों में 6 बदमाशोंं ने उन्हें जबरन अपहरण कर जमकर मारपीट की। पहले तो चारों युवकों को कार में जबरन बैठाकर घुमाते रहे फिर बड़ा दद्दा मैदान में ले जाकर बेल्टों से पीटा। इस बीच पुलिस की नजर मैदान में हो रहे हल्ले पर गई। पुलिस को देख आरोपी मौके से फरार हो गए। श्री शर्मा ने बताया कि अपहरण और मारपीट करने वाले पाँच आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है। जिसमें एक नाबालिग भी शामिल हैं।

नाबालिग से मारपीट का लिया बदला-
पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि विक्की ठाकुर और उसके साथियों का 16 वर्ष के नाबालिग के साथ किसी बात को लकर विवाद हुआ था। विवाद में नाबालिग के साथ मारपीट भी की गई थी। जिसकी शिकायत नाबालिग ने थाने में भी दर्ज कराई थी। इसी बीच नाबालिग ने यह बात अपने साथियों को बताई जिसके बाद आरोपियों ने युवकों के अपहरण की योजना बनाई। योजना के तहत सभी का अपहरण किया और बेल्टों से मारपीट की। पुलिस ने नाबालिग सहित यश साहू, राज तकाम, जिशान खान सहित एक अन्य आरोपी को हिरासत में लिया है।

Author: Jai Lok





