
सस्ते में सोना खरीदने के नाम पर की ठगी, दर्ज हुई एफआईआर
जबलपुर (जय लोक)। माढ़ोताल थाना अंतर्गत ठगी की एक बड़ी शिकायत का मामला सामने आया है। जहां शातिर ठग ने कई लोगों को निशाना बनाते हुए सात करोड़ का चूना लगा दिया। शातिर ठग ने इन्वेस्टमेंट में मुनाफा के नाम पर सात करोड़ 65 लाख रूपये करीब एक दर्जन लोगों से लिए थे। मुनाफा नहीं होने पर ना तो रकम वापस की ना ही अब शिकायर्ताओं का फोन उठा रहा है जिसके बाद इसकी शिकायत माढ़ोताल थान में की गई।

माढ़ोताल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। फिलहाल तो अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जाँच जारी है।

यह आरोप इनकम टैक्स रिटर्न और जीसएसटी भरने का काम करने वाले कटंगी रोड ऋषि नगर निवासी अमित जैन पर लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि अमित जैन सभी की इनकम टैक्स रिटर्न और जीएसटी भरने का काम करता था। उसने सभी को झांसा दिया कि एक गोल्ड फायनेंस कंपनी द्वारा सोने के जेवरात गिरवी रखने का काम किया जाता है।

वहीं ऐसे लोग जिन्होंने अपने जेवरात नहीं उठाए हैं उनके जेवरात सस्ते दामों में विक्रय किये जा रहे हैं। उसकी बातों में आकर लोगों ने करीब 7 करोड़ 65 लाख 91 हजार रूपये उसे दे दिए। इसमें से उसने करीब सात करोड़ रूपये की धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमित जैन सहित उसके पत्नी नीता जैन, माँ मीरा बाई, पिता देवेन्द्र जैन, भतीजा सागर जैन, कर्मचारी अनुराग जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पैसे वसूली की तैयारी
पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि यह राशि उसके पिता देवेन्द्र जैन, माँ मीरा बाई, पत्नी नीता जैन, भतीजे सागर व कर्मचारी अनुराग जैन के खाते में जमा की थी।
जिसमें जाँच के बाद सभी की मिलीभगत उजागर हुई। अब पुलिस सभी के खातों की जाँच कर उनसे पैसे वसूल कर यह पैसा शिकायतकर्ताओं को वापस करने की कोशिश में जुटी हुई है।
एफआईआर की धमकी के बाद लौटाए थे 60 लाख
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्होंने पैसा वापस ना करने पर अमित जैन को धमकी दी थी कि वे पुलिस से इसकी शिकायत करेंगे जिसके बाद अमित ने 60 लाख रूपये की राशि वापस लौटा दी थी। लेकिन शेष बची राशि लौटाने में वह आनाकानी कर रहा था।
इन्होंने गवाएं पैसे
अमित जैन के झांसे में आकर सरस्वती कॉलोनी निवासी प्रगति जैन ने 40 लाख 91 हजार, दमोहनाका निवासी अवधेश मिश्रा ने 60 लाख, सिविल लाइंस निवासी माया बाई ने 55 लाख, ऋषि नगर निवासी अलोक जैन ने दो करोड़ 36 लाख, ऋषि नगर निवासी अवनीश दुबे ने एक करोड़ 60 लाख, तिलक भूमि तलैया निवासी सनी जैन ने 25 लाख, कोतवाली निवासी विनीत जैन ने दस लाख, सिवनी निवासी डॉ. नीलेश जैन ने एक करोड़ 80 लाख, सिवनी निवासी संगीता जैन ने एक करोड़ 30 लाख रूपये और लालजी यादव ने भी अमित को रूपये दिए थे।
इनका कहना है
अमित जैन और उसके साथियों पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों पर सात करोड़ रूपये की ठगी का आरोप है। जिस पर जाँच की जा रही है।
वीरेन्द्र सिंह पंवार, माढ़ोताल थाना प्रभारी
Author: Jai Lok






