विशेष टिप्पणी
आज पूरा देश 76 वां गणतंत्र दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मना रहा है। आइये हम सब मिलकर आज के पावन दिवस पर सबसे पहले देश के उन शहीदों को और देश के उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पूरे आदर के साथ याद करें जिनके त्याग और बलिदान के कारण हमें आज का यह दिन देखने का सौभाग्य मिला है। अंग्रेजों की गुलामी से मिली आजादी के बाद 1950 में 26 जनवरी को हमारे देश ने अपना संविधान अपनाया। इस दिन भारत ने गणतंत्र दिवस मनाने की शुरुआत की। गणतंत्र दिवस विविधता में एकता का उत्सव है। हमारा भारत असंख्य संस्कृतियों ,भाषाओं,धर्म और परंपराओं की भूमि है इसलिए इन विविधताओं के बावजूद भी भारत अपनी एकता के लिए विश्व भर में पहचाना जाता है। हमारा तिरंगा झंडा एकता का प्रतीक है। केसरिया रंग शक्ति और साहस तथा सफेद रंग धर्म चक्र के साथ शांति और सच्चाई तथा हरा रंग हमारी भूमि की उर्वरता का प्रतीक है। हमारे देश ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास की चुनौतियों का सामना करते हुए आज दुनिया में एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर कर दिखाया है। चाहे देश का औद्योगिक विकास हो या फिर शिक्षा, चिकित्सा , विज्ञान, देश की सुरक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भी हमारे देश ने जो प्रगति की है उससे आज हमारा देश विश्व के मानचित्र पर प्रमुखता से उभर कर खड़ा है। आज भारतीय अर्थव्यवस्था भी विश्व की अर्थव्यवस्था में अपना महत्वपूर्ण मुकाम बना चुकी है। लेकिन देश में जहां चहुंमुखी प्रगति हुई है वहीं आज भी देश में बहुत सी ऐसी चुनौतियां हैं जिनका स्वरूप भी भयावह है और इन चुनौतियों का सामना करना बहुत आसान भी नहीं है। आज देश में सबसे बड़ी चुनौती सामाजिक असमानता की है। आज भी देश में गरीबी एक बहुत बड़ी चुनौती के रूप में मौजूद है और गरीबों और अमीरों के बीच में जो एक बड़ी खाई बन चुकी है उसे पाटना आसान भी नहीं है। गरीबी और अमीरी की खाई को पाटने के लिए हर तरह की कोशिशें हो रही हैं लेकिन इन कोशिशों को कामयाबी मिलना बड़ी टेढ़ी खीर है। वहीं आज देश में जातिवाद और सांप्रदायिकता तथा धार्मिक कट्टरवाद ने एक बहुत ही खतरनाक और भयावह रूप ले लिया है आज देश के सामने यह एक बहुत बड़ी चुनौती भी बन चुके हैं। ऐसी और भी चुनौतियां के बावजूद भी भारत हर क्षेत्र में अपनी प्रगति के मुकाम को तेजी के साथ हासिल करता जा रहा है । आज गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हमें उम्मीद करना चाहिए कि एक समय ऐसा भी आएगा जब भारत मौजूदा चुनौतियों का बखूबी सामना करते हुए प्रगति के एक नए मुकाम पर पहुंचेगा और विश्व का सबसे शक्तिशाली देश बनेगा। सभी को गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं।