
जबलपुर (जयलोक)।नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित मुख्य मार्ग पर सालों से जमे अतिक्रमणों को नेतागिरी के संरक्षण में हटा पाने में काफी समय से दिक्कतें आ रही थीं। इन अतिक्रमणकारियों में सालों से जमा बैठा सलाम पान वाला और ऐसे कई अन्य व्यापारी थे जो नगर निगम द्वारा दी गई अनुमति से अधिक स्थान पर अतिक्रमण कर जबरन कब्जा जमाए थे और व्यापार कर रहे थे। इन्हें आज तोड़ दिया गया।

हर समय बनी रहती थी जाम की स्थिति
इन अतिक्रमणों के कारण यातायात बुरी तरह से अवरुद्ध हो रहा था और रोजाना यहां से गुजरने वाले हजारों लाखों लोगों को परेशानी हो रही थी। सुबह 10 के बाद से यहां पर ई रिक्शा, ऑटो, सवारी ऑटो और इन दुकानों के सामने लगने वाले दो पहिया वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण हर कुछ मिनट में जाम की स्थिति बन जाती थी। इसका कारण था कि यहां पर बहुत सारे दुकानदारों ने सडक़ तक दुकान निकाल कर रखी थी।
आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार में जय लोक से चर्चा करते हुए बताया कि ऐसी कार्यवाहियां लगातार जारी रहेगी। जो जबलपुर के विकास को अवरुद्ध करने का काम कर रहे हैं ऐसे अतिक्रमणों को हटाया जाएगा।

वरना अनुमति होंगी निरस्त
निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे हर स्थान को चिन्हित किया जाए जहां पर ठेले लगाने की अनुमति दी गई है या दुकान संचालित करने की अनुमति दी गई है लेकिन वहां पर कुछ लोगों द्वारा जबरदस्ती दिए गए स्थान से अधिक जगह पर कब्जा कर अतिक्रमण कर लिया गया है। ऐसे स्थान पर सख्त कार्यवाही की जाए साथ ही व्यापारियों को दी गई अनुमति के दुरुपयोग के संबंध में भी कार्यवाही करते हुए अनुमतियाँ निरस्त की जाएं।
कुछ ही घंटे में हटा दिए गए वर्षों से जमे अतिक्रमण
आज सुबह हुई कार्यवाही के बाद अतिक्रमण दल अधिकारियों के निर्देशन पर कुछ ही घंटे में वर्षों से जमे अतिक्रमणों को हटा दिया गया। यहां की कार्यवाही समाप्त करने के बाद छोटी लाइन चौराहे पर जमे अतिक्रमणों को हटाने के लिए पहुंचा। कार्यवाही के दौरान अपर आयुक्त आईएएस अधिकारी अरविंद शाह, एएसपी आयुष गुप्ता, अपर आयुक्त विद्यानंद बाजपेई, अतिक्रमण दल प्रभारी मनीष तड़से आदि उपस्थित रहे।
इनका कहना है
प्रशासन के आदेश पर अतिक्रमण की कार्रवाही आज तीन पत्ती चौराहे से शुरू की गई। यह कार्रवाही आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाही में लंबे समय से जमे अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है।
अरविंद शाह, अपर आयुक्त





