
भोपाल (जयलोक)। मध्य प्रदेश पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था अब नई तकनीक से और मजबूत होने जा रही है। पुलिस को पहली बार 100 किलोमीटर तक उड़ान भरने में सक्षम तीन हाईटेक फिक्स्ड विंग ड्रोन मिले हैं। ये बियॉन्ड विजुअल लाइन ऑफ साइट तकनीक से लैस हैं, यानी इन्हें ऑपरेटर की आंखों की सीधी पहुंच से बाहर भी लंबी दूरी तक नियंत्रित किया जा सकता है। इन ड्रोन के संचालन के लिए भोपाल, इंदौर और उज्जैन में अलग-अलग ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। प्रत्येक स्टेशन से लगभग 100 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन संचालित किए जा सकेंगे। इससे किसी एक शहर में बैठा ऑपरेटर दूसरे जिले में भी ड्रोन के जरिए निगरानी कर सकेगा।
बड़े आयोजनों में रहेगी आसमान से नजर
करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये लागत वाले इन तीनों ड्रोन का उपयोग वीआईपी मूवमेंट, भीड़ प्रबंधन, रियल टाइम सर्विलांस, सर्च ऑपरेशन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में किया जाएगा। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ मेले की सुरक्षा व्यवस्था में भी इनका महत्वपूर्ण उपयोग होगा। इनकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ये दिन और रात दोनों समय लगातार छह घंटे तक उड़ान भर सकते है।
Author: Jai Lok






