
जबलपुर (जय लोक)। मध्य प्रदेश में पटवारियों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कल 3 अगस्त से प्रस्तावित पूर्ण कलमबंद हड़ताल की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं आज ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा है। विभिन्न जिलों में पटवारियों ने एप व अन्य ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े कार्यों से खुद को अगल कर लिया है। बड़ी संख्या में पटवारियों ने शासकीय व्हॉटस्अप ग्रुप छोड दिए हैं।
अपनी पाँच सूत्रीय लंबित माँगों को लेकर पटवारी संघ ने अब हड़ताल का मन बना लिया है। आज पटवारी ऑनलाईन कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं तो वहीं कल से पूर्णत: कलमबंद हड़ताल की जाएगी। पटवारियों का कहना है कि वर्षों से लंबित माँगों, विशेष रूप से कैडर रिव्यू के तत्काल क्रियान्वयन, पदोन्नति, समयमान वेतनमान, विभागीय परीक्षा तथा अन्य लंबित मुद्दों को लेकर शासन द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संघ द्वारा लगातार ज्ञापन, संवाद, और शांतिपूर्ण चरणबद्ध आंदोलन के बावजूद सकारात्मक पहल नहीं होने से प्रदेशभर के पटवारी कल से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल प्रारंभ करने जा रहे हैं। यह निर्णय पूर्व घोषित चरणबद्ध आंदोलन के क्रम में लिया गया है।

जिले के 5 सौ पटवारी रहेंगे हड़ताल
प्रदेशभर में होने जा रही अनिश्चितकालीन हड़ताल में 25 हजार पटवारी हड़ताल के समर्थन में काम नहीं करेंगे। वहीं इस हड़ताल में जिले के 5 सौ पटवारी शामिल रहेंगे।

Author: Jai Lok





