
जबलपुर (जय लोक)।शहर के व्यस्ततम गंजीपुरा बाजार में नवनिर्मित सुलभ शौचालय की सीलिंग आज अचानक गिर गई। इस सीलिंग के गिर जाने को लेकर नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सुलभ शौचालय का निर्माण करने वाले ठेकेदार को अविलंब सुधार कार्य कराने के लिए नोटिस जारी किया है।

वहीं आयुक्त ने इस सुलभ शौचालय के निर्माण के भुगतान पर भी रोक लगा दी है। सुलभ शौचालय के निर्माण कार्य की देखरेख करने वाले उप यंत्री को कारण बताओ नोटिस भी भी आयुक्त द्वारा जारी किया गया है। गंजीपुरा के इस सुलभ शौचालय का निर्माण विधायक अभिलाष पांडे द्वारा विधायक मद से स्वीकृत 17 लाख रुपए की राशि से कराया गया है। विधायक मद से इस सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य नगर निगम द्वारा कराया गया है।

सुलभ शौचालय में फॉल्स सीलिंग के गिरने को लेकर यह बताया जा रहा है कि सुलभ शौचालय में फॉल्स सीलिंग को लगाने की कोई आवश्यकता नहीं थी। लेकिन सुंदरता को ध्यान में रखकर यह फॉल्स सीलिंग लगाई गई है। फॉल सीलिंग के गिरने का कारण यह बताया जा रहा है कि बारिश में यह फॉल्स सीलिंग फूल गई और वह अचानक गिर गई। नगर निगम आयुक्त ने ठेकेदार को 7 दिन में सुलभ शौचालय में सुधार कार्य करने का समय दिया है।


यदि इस समय सीमा में ठेकेदार सुधार कर नहीं करता है तो उसे ब्लैक लिस्ट किया जाएगा और उस पर अर्थ दंड भी लगाया जाएगा। नगर निगम के आयुक्त के निर्देश पर अधिकारियों ने सुलभ शौचालय का आज निरीक्षण भी किया है और आयुक्त को अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी है।
Author: Jai Lok





