
जबलपुर (जय लोक)। शहर के कई बिल्डरों ने 84 खरीददारों के 15 करोड़ 59 लाख रुपए दबाकर रख लिए हैं। बिल्डरों द्वारा लोगों को ना तो उनके मकान दिए गए हैं और ना ही ली गई रकम को वे वापस कर रहे हैं। ऐसे बिल्डरों से रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण रेरा ने कार्रवाई की है। रेरा की ओर से जारी राजस्व वसूली प्रमाण पत्र आरआरसी के बावजूद जिला प्रशासन बिल्डरों से रकम वसूल नहीं कर पा रहा है। जिससे अपनी रकम बिल्डरों के पास फंसा चुके खरीददार परेशान हो रहे हैं।

जिला प्रशासन बिल्डरों को जेल भी भेज सकता है
रेरा के नियमों के मुताबिक किसी बिल्डर के डिफाल्टर होने पर प्राधिकरण खरीददार के पक्ष में राजस्व वसूली प्रमाण पत्र जारी कर संबंधित जिले के प्रशासन को भेजता है। इसके बाद संबंधित कलेक्टर और तहसीलदार को बिल्डर से राशि के वसूली कराकर खरीददार को दिलाना होती है। बिल्डर भुगतान नहीं करे तो जिला प्रशासन को उसकी संपत्ति जप्त करने और उसे जेल भेजने तक के अधिकार हैं। इसके बावजूद ज्यादातर मामलों में बिल्डरों से वसूली नहीं हो पा रही है।

दो बिल्डरों ने तीन लोगों के सवा करोड रुपए हड़पे
शहर के दो बिल्डरों के द्वारा तीन खरीदारों के करीब सवा करोड़ रुपए हड़प कर रखे गए हैं। मध्य प्रदेश रेरा ने इन बिल्डरों को 2 साल पहले रिवेन्यू रिकवरी सर्टिफिकेट जारी किया था इसके बावजूद भी बिल्डरों ने तीन खरीदारों के पैसे नहीं लौटाए हैं। यह तीन खरीददार कलेक्टर से लेकर तहसीलदार सबको पत्र लिख चुके हैं लेकिन ना तो बिल्डरों की संपत्ति कुर्क की गई है और ना ही उनके विरुद्ध किसी तरह की कार्यवाही हो रही है।


भोपाल में सख्त करवाई लेकिन जबलपुर में खामोशी
खरीददारों के पैसे हड़पने वाले बिल्डरों के खिलाफ प्रदेश की राजधानी भोपाल में सख्त कार्रवाही हो रही है। कुछ समय पहले ही जबलपुर हाईकोर्ट में भोपाल के कलेक्टर को तलब किया जा चुका है। वहीं भोपाल के एक बिल्डर को खरीददार के 88 लाख रूपये नहीं लौटाने पर बिल्डर के पार्टनर को जेल भेजा गया था। भोपाल में ही एक बिल्डर की संपत्ति की कुर्की और नीलामी की कार्रवाही भी की गई। एक बिल्डर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी भोपाल में जारी हुआ है। लेकिन जबलपुर में रेरा के आदेश का उल्लंघन करने वाले एक भी बिल्डर के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाही नहीं हुई है। ऐसे बिल्डर खरीददारों की 15 करोड़ से अधिक की राशि हड़पकर मजे कर रहे हैं।
हथियारों की नोंक पर पेट्रोल पंप में डकैती, नकाबपोश लुटेरों ने लूटी नगदी
Author: Jai Lok





