Download Our App

Home » News » स्वाधीनता दिवस नए संकल्प लेने का अवसर है

स्वाधीनता दिवस नए संकल्प लेने का अवसर है

विशेष संपादकीय

भारतीय स्वाधीनता के इतिहास में 15 अगस्त केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं बल्कि भारत की सामुहिक चेतना, संघर्ष और संकल्प का प्रतीक है। यह वह दिन है जब सदियों की गुलामी, असंख्य बलिदानों और लंबे स्वतंत्रता आंदोलन के बाद भारत ने अपने भाग्य का निर्धारण स्वयं करने का अधिकार हासिल किया। इसलिए हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस हमें अतीत की गौरव गाथा सुनाने के साथ-साथ वर्तमान का आत्म मंथन और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर भी देता है। स्वाधीनता हमें आसानी से नहीं मिली। महात्मा गांधी के सत्याग्रह और अहिंसा से लेकर भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों के साहस, सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्रवादी संकल्प, गोपाल कृष्ण गोखले, लोकमान्य तिलक, सरदार पटेल के संगठन कौशल, डॉ राजेंद्र प्रसाद, जवाहरलाल नेहरू, लाला लाजपत राय जैसे असंख्य ज्ञात अज्ञात सेनानियों के संघर्ष ने स्वतंत्रता की न्यू मजबूत की। इन वीरों ने केवल विदेशी शासन से मुक्ति का सपना नहीं देखा था बल्कि ऐसे भारत की कल्पना की थी जिसमें नागरिकों को समान अवसर, न्याय और स्वतंत्रता प्राप्त हो।
आजादी के 79 वर्षों की यात्रा में भारत ने अनेक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। एक समय भोजन और संसाधनों के लिए दुनिया की ओर देखने वाला देश आज कृषि, अंतरिक्ष, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान, चिकित्सा और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में महत्वपूर्ण स्थान बना चुकी है और भारतीय प्रतिभा ने पूरी दुनिया में अपनी पहचान स्थापित की है। लोकतंत्र की जड़े भी लगातार मजबूत हुई हैं। इतने विशाल, विविध और बहुभाषी देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था का निरंतर चलना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। लेकिन स्वतंत्रता दिवस केवल उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर नहीं है यह उन सवालों से सामना करने का दिन भी है जिनका उत्तर हमें स्वयं देना होगा? क्या देश के विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है ? क्या गरीब किसान मजदूर महिला और युवा अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त हैं? क्या हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन मिल रहा है? क्या हमारी लोकतांत्रिक संस्थाएं नागरिकों के विश्वास को और मजबूत कर रही हैं? इन प्रश्नों से आँखें चुरा कर हम स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ को पूरा नहीं कर सकते। स्वतंत्रता का अर्थ केवल बाहरी शासन से मुक्ति नहीं है। गरीबी से मुक्ति, शिक्षा से मुक्ति, भ्रष्टाचार से मुक्ति, भय से मुक्ति और भेदभाव से मुक्ति भी स्वतंत्रता के ही व्यापक अर्थ हैं। जब किसी बच्चे को गरीबी के कारण शिक्षा से वंचित होना पड़ता है, जब किसी नागरिक को न्याय पाने में वर्षों लग जाते हैं या जब किसी व्यक्ति के साथ उसकी पहचान के आधार पर भेदभाव होता है तो हमारी आजादी का उद्देश्य अधूरा दिखाई देता है। आजादी की रक्षा केवल सीमा पर खड़े सैनिक नहीं करते। किसान अन्न पैदा करके, वैज्ञानिक नई खोज करके, शिक्षक नई पीढ़ी को तैयार करके, चिकित्सक जीवन बचाकर, श्रमिक निर्माण करके और नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करके राष्ट्र की स्वतंत्रता को मजबूत करते हैं।
देश के प्रति जिम्मेदारी किसी एक वर्ग की नहीं बल्कि हर नागरिक की साझी जिम्मेदारी है। इसलिए 15 अगस्त के अवसर पर हमें केवल तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हमें यह संकल्प भी लेना चाहिए कि हम संविधान के मूल्य, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता को अपने व्यवहार में उतारेंगे। हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझेंगे। हम देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च महत्व देंगे और असहमति के बावजूद एक दूसरे के सम्मान की लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करेंगे। 15 अगस्त का तिरंगा तभी और ऊंचा होगा जब उसके नीचे खड़ा हर भारतीय स्वयं को सुरक्षित सम्मानित और बराबरी का नागरिक महसूस करेगा। यही स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और यही स्वतंत्र भारत की अगली यात्रा का सबसे बड़ा संकल्प भी। स्वाधीनता का उत्सव मनाएं, लेकिन स्वतंत्रता की जिम्मेदारी भी निभाएं यही 15 अगस्त का वास्तविक संदेश है। जय लोक के सभी पाठकों और शुभचिंतकों को स्वाधीनता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

 

विश्वविद्यालय चला नहीं पा रहे कुलगुरु, खुद खड़े होकर छात्रों से करवा रहे मारपीट,कुलगुरु  की करतूत के कारण निकल नहीं पाई तिरंगा यात्रा, कुलगुरु के सामने छात्रों को लात मारते हुए कर्मचारी नेता पुरोहत

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » News » स्वाधीनता दिवस नए संकल्प लेने का अवसर है
error: Content is protected !!