
जबलपुर (जयलोक)। 27 अगसत को केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का शहर आगमन होने जा रहा है। वे यहां आर्मर्ड व्हीकल निगम लिमिटेड यानी एवीएनएल की प्रमुख इकाई व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में टी-72 युद्धक टैंक के आधुनिक ओवरहालिंग प्लांट की आधारशिला रखेंगे।
जिसके लिए व्हीकल फैक्ट्री में तैयारियाँ भी शुरू कर दी गई हैं। इस कार्य से सेना के टैंकों की मरम्मत और तकनीकी उन्नयन का कार्य स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगा। इसके पहले यह कार्य तमिलनाडु के अवाडी स्थित हेवी व्हीकल फैक्ट्री में पूरा किया जाता था। बताया जा रहा है कि व्हीकल फैक्ट्री में इस काम के लिए दो वर्ष पूर्व तत्कालीन मुख्य महाप्रबंधक एसके भोला ने प्रयास किए थे। जो अब पूर्ण होने जा रहे हैं। केन्द्रीय रक्षा मंत्री के शहर आगमन को लेकर तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। जहां व्हीकल फैक्ट्री में इस कार्य को लेकर तैयारी की जा रही है तो वहीं जिला और प्रशासन भी अपने स्तर पर तैयारी कर रहा है।

रक्षा मंत्री के प्रवास को लेकर तैयारियां तेज
इस महत्वपूर्ण रक्षा परियोजना के भूमिपूजन का कार्यक्रम करीब 3 माह पूर्व तय हुआ था। लेकिन उस समय रक्षा मंत्री की व्यस्ता के कारण भूमिपूजन कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। अब आगमन की तिथि तय होते ही व्हीकल फैक्ट्री प्रशासन ने परिसर में सभी जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

अवाडी फैक्ट्री में काम का बोझ होगा कम
अवाडी स्थित कारखाने पर नए टैंक निर्माण का अत्यधिक दबाव था। इसलिए वहां से टैंकों के जीर्णोद्धार का कार्य पूरी तरह जबलपुर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। जिससे अवाडी इकाई पूरी क्षमता से केवल नए निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर सके। जबलपुर फैक्ट्री को पूर्व में सौंपे गए टैंकों की मरम्मत में संस्थान ने सेना के सभी कड़े गुणवत्ता मानकों को शत-प्रतिशत पूरा करके अपनी तकनीकी दक्षता को साबित किया। इसी सफलता को देखते हुए यहां पूर्णकालिक ढांचा खड़ा किया जा रहा है।


Author: Jai Lok






