
दुकान संचालक कर रहे सेहत से खिलवाड़, खाद्य विभाग की छापेमारी से खुल रहे कई राज
जबलपुर (जय लोक)। चंद पैसों के लालच में खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले दुकान संचालक लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। मिलावटी और दूषित सामग्री के पकड़े जाने के ऐसे कई मामले सामने लगातार आ रहे हैं जिसने खाद्य सामग्री विक्रेताओं की मानसिकता को उजागर किया है। पिछले कुछ दिनों में जो दूषित खाद्य सामग्री के जो सेंपल लिए गए हैं उन्हें जाँच के लिए लैब भेजा गया है लेकिन इनकी जाँच रिपोर्ट आने में लगने वाले समय से कार्रवाही ठंडे बस्ते में चली जाती है और दूषित मिलावटी सामग्री विक्रय करने वाले दुकान संचालकों का खेल फिर शुरू हो जाता है। अब जब राखी का पर्व नजदीक आ रहा है तब खाद्य सामग्री और मिठाईयों का कारोबार जमकर चलेगा ऐसे में मिलावटी सामग्री की बिक्री और तेजी से बढ़ेगी। जाँच प्रक्रिया में देरी होने से मिलावटखोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। समय समय पर खाद्य विभाग की टीम तो अपनी कार्रवाही करती है लेकिन खाद्य सामग्री दूषित है या नहीं इसकी जाँच की प्रक्रिया में देरी होने से पूरा मामला दुकान संचालकों के पक्ष में पहुंच जाता है। वहीं कई बार खाद् विभाग की उदासीनता की वजह से भी मिलावटखोरों का धंधा फलता फूलता रहता है।

डी-मार्ट में छापा
खाद्य विभाग की टीम ने डी-मार्ट से लगभग 200 किलो और ब्लिंकिट स्टोर से गोवर्धन घी का संदिग्ध स्टॉक व सैंपल जब्त किया।
डोमिनोज पिज्जा में कार्रवाही
इसी माह जिला प्रशासन और खाद्य टीम ने डोमिनोज में बनने वाले पिज्जा सहित अन्य खाद्य पदार्थों की जाँच की। निरीक्षण पर यहां कुछ खामियाँ भी मिली। खाद्य सामग्री के सेंपल जाँच के लिए भेजे गए हैं।
अन्य रेस्टोरेंट व डेयरी
शिवम डेयरी, राजा डेयरी से पनीर के सैंपल तथा शहर के अन्य नामी खान-पान के ठिकानों पर गंदगी व अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई व एफआईआर दर्ज की गई है।
फ्रिज में रखी थी वेज नॉनवेज सामग्री
मार्च 2026 में एक ही फ्रिज में वेज और नॉनवेज सामग्री रखने व एक्सपायरी सॉस मिलने पर एक रेस्टोरेंट का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड किया गया था।
बडक़ुल रेस्टारेंट में गंदगी के बीच तैयार हो रही थी सामग्री
दीनदयाल चौक स्थित बडक़ुल स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार होती मिली। यहां डीप फ्रीजर में फफूंद लगी थी और उसमें करीब 100 सड़े हुए मोमोज और पांच किलो शेजवान चटनी रखी मिली। दोनों के नमूने लेने के बाद शेष सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मिलने पर रेस्टोरेंट के मैनेजर और मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
मनोहर स्वीट्स, नरेन्द्र और उमेश डेरी में मिली गंदगी
बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने कटंगी और शहर की मनोहर स्वीट्स, नरेन्द्र और उमेश डेरी पर भी छापा मारा। इस दौरान खोवा, रसगुल्ला, नमकीन, पेड़ा, घी के सेंपल लिए गए। कटंगी स्थित अभिषेक खोवा भंडार सहित नौदरा ब्रिज स्थित मनोहर स्वीट्स से खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। जाँच के दौरान यहां टीम को गंदगी मिली।
समय की होगी बड़ी बचत
वर्तमान में जबलपुर और पूरे महाकौशल क्षेत्र से लिए जाने वाले खाद्य पदार्थों के सैंपलों (नमूनों) को जांच के लिए भोपाल की प्रयोगशाला में भेजा जाता है। इस प्रक्रिया में काफी समय लग जाता है। जिससे नमूनों को भेजने और रिपोर्ट आने में काफी समय बर्बाद होता है। वहीं इस देरी से मिलावटखोरों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई करने में भी देरी होती है।
अभी तक शुरू नहीं हो सकी जाँच लैब
चार साल के लंबे इंतजार के बाद शहर में तैयार हुई पाँच करोड़़ की लागत से अत्याधुनिक फूड टेस्टिंग लैब अब तक शुरू नहीं हो सकी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की इस प्रयोगशाला को शुरू करने के लिए राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड की टीम इसी माह पहुंचकर अंतिम निरीक्षण करेगी। इस निरीक्षण के सफल होते ही लैब को राष्ट्रीय मानकों के तहत मान्यता मिल जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर ही खाद्य पदार्थों की पुख्ता और सटीक जांच का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।

Author: Jai Lok






