
जबलपुर (जय लोक)। पिछले एक हफ्ते से हो रही बारिश से नदी नाले उफान पर हैं। आसपास के जिलों से बारिश का पानी बरगी बाँध पहुँच रहा है जिससे बाँध का जलस्तर भी बढ़ गया है। मौजूदा हालात में बरगी बाँध के 13 गेटों से पानी की निकासी की जा रही है। एक हफ्ते से भले ही अच्छी बारिश हो रही हो लेकिन बारिश का आंकड़ा अभी भी काफी पीछे चल रहा है शहर में जलापूर्ति के लिए उपयोग में आने वाला खंदारी जलाशय अभी भी खाली है। लेकिन एक हफ्ते की बारिश से परियट जलाशय लबालब हो गया है।

रमनगरा प्लांट से सप्लाई ठप होने से लोग परेशान

रमनगरा प्लांट से भरने वाली टंकियों से क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं होने के कारण लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कल शाम से नलों में पानी नहीं आया। इसके बाद सुबह और शाम की सप्लाई भी नहीं होने से लगातार जलापूति बाधित है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलापूर्ति की लाइन में किसी तरह की बड़ी खराबी सामने नहीं आई है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से बिजली की समस्या को पानी सप्लाई बाधित होने का कारण बताया जा रहा है। लगातार दोनों समय पानी नहीं मिलने से घरों में रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि बारिश के मौसम में भी लोगों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल जलापूर्ति बहाल करने और बार-बार होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान करने की माँग की है।


एक हफ्ते बाद मिली बारिश से राहत
पिछले एक हफ्ते से आसमान में छाए बादलों से झमाझम बारिश हो रही है। एक हफ्ते से सूर्य के दर्शन नहीं हुए। वहीं आज बारिश से थोड़ी राहत महसूस की जा रही है। सुबह जरुर बूंदाबांदी हुई लेकिन दोपहर 12 बजे हलकी धूप भी निकलना शुरू हो गई। लेकिन बारिश के आसार अभी भी बने हुए हैं। आज सुबह हल्की धूप निकलने से लोगों ने राहत की भी सांस ली। उधर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा हो सकती है।
परियट भरा खंदारी आधा खाली
नगर निगम के अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार बारिश होने से परियट और खंदारी में जलस्तर बढ़ा है और लेकिन खंदारी अभी भी दस फुट तक खाली है। वहीं परियट फुल हो गया है। जिससे बारिश के बाद पानी सप्लाई में परेशानी नहीं आएगी। श्री श्रीवास्तव ने बताया कि पानी की सप्लाई के लिए परियट और खंदारी जलाशय दोनों ही शहर के लिए खास हैं। परियट फुल होने से जहां पानी सप्लाई में काफी राहत है तो वहीं आगामी दिनों में होने वाली बारिश से खंदारी जलाशय भी फुल हो जाएगा। खंदारी जलाशय की कुल क्षमता 1454.50 फिट है, जबकि वर्तमान जलस्तर 1431 फिट है। अभी खंदारी 14 फिट खाली है।
बारिश का आंकड़ा 13 इंच पीछे
वहीं बारिश के आंकड़े की बात की जाए तो बारिश का आंकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में 13 इंच पीछे चल रहा है। पिछले साल आज के ही दिन तक 34 इंच से ज्यादा वर्ष दर्ज की गई थी। जबकि इस वर्ष आज के दिन तक केवल 21.5 इंच बारिश दर्ज की गई है। जो चिंता का विषय भी है।
ऐसा रहा बारिश का हाल
जबलपुर में औसत वार्षिक वर्षा लगभग 1,300 मिलीमीटर (51 इंच) से 1,330 मिलीमीटर के बीच दर्ज की जाती है। पिछले दस वर्षों के दौरान मानसून सीजन में यहां सामान्य से लेकर अच्छी बारिश का दौर देखा गया है, जिसमें कुछ वर्षों में मौसमी बदलाव के कारण औसत वर्षा 35 से 40 इंच या उससे अधिक तक दर्ज की गई है।
८ वर्ष 2015: लगभग 32.4 से 35 इंच बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से कम थी।
८ वर्ष 2016: मानसून सक्रिय रहा और औसत से बेहतर लगभग 40-45 इंच वर्षा हुई।
८ वर्ष 2017: लगभग 38 से 42 इंच के बीच कुल वर्षा रिकॉर्ड हुई।
८ वर्ष 2018: लगभग 34.3 इंच बारिश दर्ज की गई।
८ वर्ष 2019: इस साल सबसे ज्यादा लगभग 53 इंच (अतिरिक्त मानसूनी गतिविधियों के कारण) भारी बारिश हुई।
८ वर्ष 2020: सामान्य से कम, लगभग 35-40 इंच बारिश दर्ज की गई।
८ वर्ष 2021: सामान्य से थोड़ी कम वर्षा दर्ज की गई।
८ वर्ष 2022: अच्छी बारिश हुई और आंकड़ा 48-50 इंच के करीब पहुँचा।
८ वर्ष 2023: मानसून के दौरान औसत के आसपास ही लगभग 42-45 इंच पानी गिरा।
८ वर्ष 2024-2025: इस दौरान भी मानसून सामान्य से संतोषजनक स्थिति में रहा और कुल वार्षिक योग 45 से 50 इंच के दायरे में दर्ज किया गया।
Author: Jai Lok





